जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 410 अंक लुढ़का, निफ्टी 17,750 अंक से नीचे आया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 410 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक में नुकसान से बाजार नीचे आया।
मुंबई, 28 सितंबर बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 410 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक में नुकसान से बाजार नीचे आया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 1,032.35 अंक तक नीचे चला गया था। लेकिन बाद में बाजार कुछ संभला और अंत में 410.28 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,667.60 अंक पर बंद हुआ।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 106.50 अंक यानी 0.60 प्रतिशत टूटकर 17,748.60 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट के साथ सर्वाधिक नुकसान में भारती एयरटेल रहा। इसके अलावा, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक और इन्फोसिस में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में पावरग्रिड, एनटीपीसी, सन फार्मा, टाइटन, कोटक बैंक और डा. रेड्डीज शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर नकारात्मक रुख और आईटी तथा रियल्टी कंपनियों में मुनाफावसूली से घरेलू बाजार में गिरावट आयी। हालांकि, कारोबार की समाप्ति से पहले कुछ सुधार देखने को मिला।’’
उन्होंने कहा कि चीन में संकट के साथ अमेरिका में बांड प्रतिफल बढ़ने तथा कच्चे तेल की कीमत में तेजी वैश्विक बाजार में मौजूदा तेजी के रास्ते में चुनौती बनकर उभरी हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई और हांगकांग लाभ में रहें जबकि टोक्यो और सियोल में गिरावट रही।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.42 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2021 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

