जरुरी जानकारी | निवेशकों के सतर्क रुख से सेंसेक्स 107 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 107 अंक के नुकसान में रहा। इस सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा और अमेरिका के महंगाई के आंकड़े आने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
मुंबई, आठ अगस्त घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 107 अंक के नुकसान में रहा। इस सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा और अमेरिका के महंगाई के आंकड़े आने से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी और एशिया तथा यूरोपीय बाजारों में कमजोरी के रुख से भी कारोबारी धारणा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 106.98 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65,846.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 200.85 अंक तक टूट गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 26.45 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,570.85 अंक पर बंद हुआ।
रिजर्व बैंक गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा के लिये बैठक मंगलवार को शुरू हुई। बैठक के नतीजों की घोषणा बृहस्पतिवार, 10 अगस्त को पेश की जाएगी। ऐसी संभावना है कि आरबीआई नीतिगत दर एक बार फिर यथावत रखेगा।
सेंसेक्स के शेयरों में पावरग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, सन फार्मा, नेस्ले, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और आईटीसी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, विप्रो, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, टाइटन और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि जापान का निक्की लाभ में रहा।
यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक दायरे में रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.16 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,892.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तपसे ने कहा, ‘‘वैसे तो वैश्विक रुख से बाजार की चाल तय होगी, लेकिन निवेशक आरबीआई की बृहस्पतिवार को मौद्रिक नीति समीक्षा और अमेरिका में महंगाई के आंकड़े जारी होने को लेकर सतर्क हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 08, 2023 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

