Sensex Today: एशियाई बाजारों में तेजी के बीच सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 61 हजार के पार
एशियाई बाजारों में तेजी और विदेशी कोषों की लगातार आवक के बीच प्रमुख शेयर सूचकांकों ने मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी का सिलसिला बनाए रखा.
मुंबई, 1 नवंबर : एशियाई बाजारों में तेजी और विदेशी कोषों की लगातार आवक के बीच प्रमुख शेयर सूचकांकों ने मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी का सिलसिला बनाए रखा. इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 378.3 अंक चढ़कर 61,124.89 पर पहुंच गया. इसी तरह, व्यापक एनएसई निफ्टी 118.5 अंक बढ़कर 18,130.70 पर था.
सेंसेक्स में डॉ रेड्डीज, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे. दूसरी ओर एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और टाटा स्टील में गिरावट हुई. अन्य एशियाई बाजारों में सोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे. वॉल स्ट्रीट सोमवार को गिरकर बंद हुआ था. यह भी पढ़ें : Gold Rates On Nov 1: सोने के दाम में गिरावट, जानें आज आपके शहरों में सोने के भाव क्या हैं?
सेंसेक्स सोमवार को 786.74 अंक या 1.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,746.59 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 225.40 अंक या 1.27 फीसदी की बढ़त के साथ 18,012.20 पर बंद हुआ. अंतरराष्ट्रीय तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 0.98 फीसदी की गिरावट के साथ 94.83 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था. शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 4,178.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 01, 2022 10:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

