एजेंसी न्यूज

सेंसेक्स 167 अंक की बढ़त के साथ बंद, भारती एयरटेल का शेयर 11 प्रतिशत चढ़ा

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 700 से ज्यादा अंक ऊपर नीचे होने के बाद 30 प्रमुख शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 167.19 अंक यानी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 30,196.17 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स 167 अंक की बढ़त के साथ बंद, भारती एयरटेल का शेयर 11 प्रतिशत चढ़ा

मुंबई, 19 मई एशियाई बाजारों में मजबूत संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी का रुख रहा और सेंसेक्स 167 अंक चढ़कर बंद हुआ। भारती एयरटेल और आईटीसी में अच्छा लाभ दिखा।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 700 से ज्यादा अंक ऊपर नीचे होने के बाद 30 प्रमुख शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 167.19 अंक यानी 0.56 प्रतिशत बढ़कर 30,196.17 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 55.85 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,879.10 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक लाभ में रहा। कंपनी का शेयर 11 प्रतिशत तक चढ़ गया। ओएनजीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, पावरग्रिड और एनटीपीसी में भी अच्छा लाभ रहा।

वहीं दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर नीचे रहे।

कारोबारियों ने कहा कि कोविड-19 की वैक्सीन के परीक्षण में उत्साहजनक परिणाम से वैश्विक स्तर पर निवेशकों की धारणा मजबूत रही। इसका घरेलू शेयर बाजार में भी अनुकूल असर दिखा।

अमेरिका की बायोटेक्नोलॉजी कंपनी मॉडर्ना का कहना है कि उसे कोरोना वायरस की अपनी विकसित की जा रही वैक्सीन की जांच में शुरुआती सफलता मिली है। मानव परीक्षण में इसके परिणाम उत्साहजनक हैं और यह व्यक्ति की इस वायरस रोग के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता को जगाने में सक्षम दिखी है।

हालांकि भारत में कोरोना वायरस संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ने से निवेशक अपना हाथ खींचे हुए थे।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक एयरटेल के प्रति उपयोक्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) में बढ़ोत्तरी से उसके शेयर में उछाल देखा गया।

देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 1,01,139 हो गयी। जबकि मरने वालों की संख्या 3,163 है।

शंघाई, हांगकांग और सियोल के शेयर बाजार लाभ में बंद हुए।

हालांकि शुरुआती सौदों में यूरोपीय शेयर बाजारों में गिरावट का रुझान था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 05:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).