एजेंसी न्यूज

Sensex Today: उतार-चढ़ाव भरे कारेाबार में सेंसेक्स 185 अंक टूटा, निफ्टी में भी गिरावट

शेयर बाजार शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख पाये और उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बिकवाली दबाव में बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 185 अंक टूटकर बंद हुआ.

Sensex Today: उतार-चढ़ाव भरे कारेाबार में सेंसेक्स 185 अंक टूटा, निफ्टी में भी गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (Photo Credits Wikimedia Commons)

मुंबई, 1 जून : शेयर बाजार शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख पाये और उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बिकवाली दबाव में बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 185 अंक टूटकर बंद हुआ. वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमत और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से भी बाजार पर प्रतिकूल असर पड़ा. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 185.24 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55,381.17 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 474.98 अंक तक नीचे चला गया था.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 61.80 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,522.75 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के शेयरों में नेस्ले इंडिया, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावरग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, विप्रो, इन्फोसिस और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से गिरावट में रहे. दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक और टाटा स्टील शामिल हैं. यह भी पढ़ें : टीवीएस मोटर की कुल बिक्री मई में बढ़कर 3,02,982 इकाई पर

एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे जबकि जापान के निक्की में लाभ रहा. यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख था. इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.49 प्रतिशत उछलकर 117.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,003.56 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2022 04:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).