देश की खबरें | वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ प्रस्ताव का समर्थन किया

अमरावती, दो सितंबर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के महासचिव वी विजयसाई रेड्डी ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ प्रस्ताव की वकालत करते हुए शनिवार को कहा कि इसके कई सकारात्मक पहलू हैं और इससे हजारों करोड़ रुपये बचाने में मदद मिल सकती है।

रेड्डी, आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ दल से राज्यसभा सदस्य भी हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राज्य विधानसभाओं और लोकसभा के चुनाव एक साथ कराने की व्यवहार्यता का अध्ययन करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व में एक समिति गठित करने के मद्देनजर अपने विचार व्यक्त किए।

रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स (पूर्व में ट्विटर)’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा के कई सकारात्मक पहलू हैं, सबसे बड़ी बात यह है कि इससे हजारों करोड़ रुपये की बचत हो सकती है।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह अवधारणा भारत के लिए नयी नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले 1951-52, 1957, 1962 और 1967 में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ हो चुके हैं।

रेड्डी ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘भारत में 1951-52, 1957, 1962 और 1967 में एक साथ लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव हुए थे। आंध्र प्रदेश पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ ही होते हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)