देश की खबरें | सेन ने प्रणय को हराया, गायत्री और त्रीशा भी जीती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मौजूदा चैंपियन लक्ष्य सेन ने इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां हमवतन एचएस प्रणय को सीधे गेम में हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
नयी दिल्ली, 17 जनवरी मौजूदा चैंपियन लक्ष्य सेन ने इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को यहां हमवतन एचएस प्रणय को सीधे गेम में हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
विश्व में 12वें नंबर के खिलाड़ी और यहां सातवीं वरीयता प्राप्त सेन ने शानदार खेल का नजारा पेश करके विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय से मलेशिया ओपन में मिली हार का बदला भी चुकता किया। सेन ने इंदिरा गांधी स्टेडियम के केडी जाधव हॉल में खेले गए मैच में प्रणय को 21-14, 21-15 से हराया।
राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने महिला युगल में फ्रांस की मार्गोट लैम्बर्ट और ऐनी ट्रान की दुनिया में 29वें नंबर जोड़ी को 22-20, 17-21, 21-18 से हराया।
महिला युगल में ही एन सिक्की रेड्डी और उनकी नयी जोड़ीदार श्रुति मिश्रा जर्मनी की लिंडा एफलर और इसाबेल लोहाउ से एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में 17-21, 19-21 से हार गईं।
इससे पहले डेनमार्क के रासमस गेम्के ने दो बार के विश्व चैम्पियन जापान के केंटो मोमोटा को 21-15, 21-11 से, चीन के शी यूकी ने इंडोनेशिया के चिको ऑरा ड्वी वार्डोयो को 20-22, 21-16, 21-15 से और चीनी ताइपे के वांग तजु वेई ने आयरलैंड के नहैट गुयेन को 21-18, 21-17 से हराया।
अन्य मैचों में चीनी ताइपे के पांचवीं वरीयता प्राप्त चाउ टिएन चेन ने ली चेउक इयु को 22-20, 14-21, 21-11 से जबकि झाओ जून पेंग ने वेंग होंग यांग को 21-19, 21-12 से पराजित किया।
महिला एकल में तीन बार की पूर्व विजेता रत्चानोक इंतानोन ने मलेशिया की गोह जिन वेई को 21-13, 21-11 से और रियो ओलंपिक की चैंपियन कैरोलिना मारिन ने 2017 की विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा को 21-13, 21-18 से शिकस्त दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 17, 2023 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

