देश की खबरें | सुरक्षा चूक ने अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था को उजागर किया: सूत्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद में बुधवार को हुई बड़ी सुरक्षा चूक ने सुरक्षा प्रोटोकॉल में कमियों को सामने ला दिया है।
नयी दिल्ली, 13 दिसंबर संसद में बुधवार को हुई बड़ी सुरक्षा चूक ने सुरक्षा प्रोटोकॉल में कमियों को सामने ला दिया है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा सुरक्षा चूक के मुद्दे पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कई नेताओं ने इस मुद्दे को उठाया।
सूत्रों ने बताया कि लोकसभा कक्ष में कूदने वाले दो आरोपियों मनोरंजन डी और सागर शर्मा के पास 45 मिनट की अवधि वाले आगंतुक पास थे, लेकिन वे नियमों का उल्लंघन करते हुए करीब दो घंटे तक दर्शक दीर्घा में रहे।
सूत्रों के अनुसार, संसद के सुरक्षा कर्मचारी आगंतुकों को उनके वहां रुकने की समयसीमा के पूरा होते ही बाहर निकाल देते थे, लेकिन नए भवन की दीर्घाओं में उनकी तैनाती लगभग ना के बराबर थी, क्योंकि वे बदलती सुरक्षा आवश्यकताओं के बीच विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी में व्यस्त रहे।
उन्होंने कहा कि विशेष निदेशक (सुरक्षा) से लेकर सुरक्षा सहायक ग्रेड- द्वितीय तक के पदानुक्रम में सुरक्षा अधिकारियों के स्वीकृत पदों की संख्या 301 है, जबकि कार्यरत 176 हैं और 125 पद रिक्त हैं।
सूत्रों ने बताया कि महत्वपूर्ण बात यह है कि रिक्तियों का सबसे बड़ा हिस्सा शुरुआती स्तर के अधिकारियों का है, जो सुरक्षा तंत्र का महत्वपूर्ण अंग हैं।
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा सहायक ग्रेड- द्वितीय में स्वीकृत 72 पदों के मुकाबले, मौजूदा संख्या नौ है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सहायक ग्रेड- प्रथम के अधिकारियों की मौजूदा संख्या 24 है, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 69 है।
सूत्रों ने दावा किया कि 10 साल से अधिक समय से कोई नई भर्ती नहीं हुई है।
बिरला ने सभी दलों के सदस्यों को आश्वासन दिया कि 2001 के संसद पर आतंकवादी हमले की बरसी पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाएगी और सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)