ईटानगर, 20 सितंबर अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में सुरक्षाबलों ने म्यांमार के एक नागरिक समेत एनएससीएन (के-वाईए) गुट के दो कैडर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
चांगलांग जिले के पुलिस अधीक्षक मिहिन गैम्बो के मुताबिक प्रतिबंधित संगठन के सक्रिय कैडरों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना के आधार पर असम राइफल्स और जिला पुलिस ने 18 और 19 सितंबर को जयरामपुर में 17 मील क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान शुरू किया और दोनों कैडरों को पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कैडरों की पहचान मीतू मयाक (38) और म्यांमार के मोरिंग केनलो (18) के रूप में की गयी है। मीतू मयाक अरुणाचल के तिराप जिले के लाजू सर्कल का रहने वाला है।
पूछताछ में मीतू मयाक ने अपने ठिकाने से सटे इलाके में हथियार और गोला-बारूद के छिपे होने का खुलासा किया।
तदनुसार, पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और क्षेत्र से मैगजीन समेत 7.65 एमएम की पिस्तौल, नौ राउंड कारतूस और 140 डेटोनेटर जब्त किए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मीतू मयाक काफी लंबे समय से एनएससीएन (के-वाईए) के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ कैडरों के संपर्क में बना हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY