देश की खबरें | भाजपा के प्रभाव को रोकने के लिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एकजुट होना होगा: माकपा नेता प्रकाश करात
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता प्रकाश करात ने भाजपा के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों के बीच एकता को जरूरी बताया।
कोलकाता, 22 फरवरी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता प्रकाश करात ने भाजपा के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों के बीच एकता को जरूरी बताया।
करात ने कहा कि पूरे देश में फैल चुकी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से लड़ने के लिए माकपा और अन्य वामपंथी दलों को मजबूत बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की एकता की वजह से भाजपा पिछले लोकसभा चुनावों में अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई।
माकपा केंद्रीय समिति के समन्वयक करात ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लड़ने के लिए वामपंथी ताकतों को अपनी उपस्थिति बढ़ाने की जरूरत है।
हुगली जिले के दानकुनी में पार्टी के चार दिवसीय राज्य सम्मेलन की शुरुआत करने के बाद करात ने कहा, "मौजूदा परिस्थितियों में वामपंथियों को तृणमूल और भाजपा दोनों से लड़ना होगा।"
उन्होंने दावा किया कि राज्य में वामपंथी कार्यकर्ताओं पर पिछले तीन वर्षों में कई हमले हुए हैं।
उन्होंने कहा, "अत्याचारों के बावजूद, माकपा ने आरजी कर अस्पताल में चिकित्सक से बलात्कार-हत्या समेत विभिन्न मुद्दों पर आगे बढ़कर जन आंदोलन आयोजित किए।"
सम्मेलन में पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।
माकपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सम्मेलन के समापन दिवस 25 फरवरी को दानकुनी में एक जनसभा आयोजित की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)