दिल्ली से दूसरी श्रमिक विशेष रेलगाड़ी बिहार के लिए रवाना
श्रमिकों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन ले जाया गया और कुछ श्रमिकों को महानगर की सरकार द्वारा संचालित आश्रय घरों से पुलिस के वाहनों में ले जाया गया।
नयी दिल्ली, आठ मई राष्ट्रीय राजधानी से दूसरा श्रमिक स्पेशन ट्रेन शुक्रवार को 1200 फंसे हुए मजदूरों के साथ बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुआ।
श्रमिकों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन ले जाया गया और कुछ श्रमिकों को महानगर की सरकार द्वारा संचालित आश्रय घरों से पुलिस के वाहनों में ले जाया गया।
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘दूसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन दिल्ली से मुजफ्फरपुर रवाना हुई। इस रेलगाड़ी में 1200 यात्री हैं।’’
श्रम मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सभी यात्रियों का किराया दिल्ली सरकार उठाएगी।
यात्रियों के पहले जत्थे को बृहस्पतिवार को दिल्ली से मध्यप्रदेश के छत्तरपुर ले जाया गया था। आगामी दिनों में दिल्ली से कई राज्यों के लिए और श्रमिक स्पेशन रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों को सफलतापूर्वक उनके घरों तक पहुंचाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के करीब 350 कर्मी, राज्य सरकार के 100 कर्मचारी और रेलवे के करीब 200 कर्मचारी एक-दूसरे से समन्वय कर रहे हैं।
ट्रेन में 24 कोच हैं और हर कोच में करीब 50 यात्री हैं। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए तय प्रोटोकॉल का पालन करने में रेलगाड़ी करीब आधे घंटे विलंब से चली।
स्टेशन पर रेलवे के अधिकारियों ओर पुलिस ने सुनिश्चित किया कि यात्री सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 07:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

