एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस न्याय यात्रा का दूसरा दिन: राहुल ने लोगों से बातचीत की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दूसरे दिन की शुरुआत सोमवार को यहां सेकमाई से की और उन्होंने रास्ते में उनके स्वागत के लिए कतार में खड़े लोगों से बातचीत की।

देश की खबरें | कांग्रेस न्याय यात्रा का दूसरा दिन: राहुल ने लोगों से बातचीत की

इंफाल, 15 जनवरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दूसरे दिन की शुरुआत सोमवार को यहां सेकमाई से की और उन्होंने रास्ते में उनके स्वागत के लिए कतार में खड़े लोगों से बातचीत की।

गांधी ने आवश्यकता के अनुरूप परिवर्तित की गई वोल्वो बस में यात्रा शुरू की। वह कुछ दूर पैदल भी चले। उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा।

जब गांधी की बस यहां के कई व्यस्त इलाकों से गुजरी, तो ज्यादातर महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग यात्रा मार्ग पर कतार में खड़े रहे और उन्होंने गांधी के समर्थन में नारे लगाए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह साढ़े सात बजे शिविर स्थल पर सेवा दल द्वारा पारंपरिक रूप से किए गए ध्वजारोहण के साथ हुई। मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मेघचंद्र ने ध्वजारोहण किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा मणिपुर में सेकमाई से कांगपोकपी और फिर सेनापति से गुजरते हुए आगे जाएगी। यात्रा में शामिल लोग आज रात नगालैंड में रुकेंगे।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मणिपुर से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की थी और देश के लिए ऐसा दृष्टिकोण रखने पर जोर दिया, जो हिंसा, नफरत और एकाधिपत्य पर नहीं, बल्कि सद्भाव, भाईचारे और समता पर आधारित हो।

कांग्रेस इस यात्रा के जरिए लोकसभा चुनाव का विमर्श तय करने की कोशिश में है। गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए यहां आयोजित एक रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जातीय हिंसा से जूझ रहे मणिपुर का दौरा नहीं करने को लेकर निशाना साधा और इसके लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। ज्यादातर यात्रा बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 15, 2024 12:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).