जरुरी जानकारी | उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक को आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक (एसएफबी) को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 500 करोड़ रुपये जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है।

आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, वाराणसी मुख्यालय वाले एसएफबी का आईपीओ नए शेयरों के रूप में होगा। इसकी पूरी राशि उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक को मिलेगी।

कंपनी आईपीओ-पूर्व नियोजन दौर में 100 करोड़ रुपये तक की प्रतिभूतियों जारी करने पर भी विचार कर सकती है। ऐसा होने पर नए निर्गम का आकार घट जाएगा।

सेबी की वेबसाइट पर मंगलवार को उपलब्ध सूचना के अनुसार, कंपनी ने अगस्त माह में नियामक के पास नये सिरे से दस्तावेज जमा कराए थे। इसे 21 अक्टूबर को निर्गम के लिये सेबी का ‘निष्कर्ष’ जारी किया गया था।

किसी भी कंपनी को आईपीओ लाने के लिए सेबी का ‘निष्कर्ष’ जरूरी होता है।

कंपनी ने इससे पहले मार्च, 2021 में आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज जमा किए थे और इसे पिछले साल जून में आईपीओ लाने के लिए बाजार नियामक की मंजूरी मिली थी, लेकिन वह आईपीओ नहीं ला पाई थी। इसने इस साल अगस्त में फिर से कागजात जमा किए, लेकिन आईपीओ का आकार कम कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)