देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में तलाश अभियान जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के जंगली इलाके में छिपे दो से तीन आतंकवादियों को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार को तलाश अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जम्मू, तीन जुलाई जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के जंगली इलाके में छिपे दो से तीन आतंकवादियों को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार को तलाश अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कुचल-चटरू क्षेत्र के घने जंगलों वाले कंजल मांडू इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच बुधवार रात को हुई मुठभेड़ के बाद घेराबंदी और तलाश अभियान शुरू किया गया।
यह अभियान ड्रोन और श्वान दस्तों की मदद से चलाया जा रहा है। इसके अलावा, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मदद से घेराबंदी को और मजबूत किया जा रहा है।
अपुष्ट खबरों के अनुसार, मुठभेड़ में एक आतंकवादी घायल हो गया है। मुठभेड़ बृहस्पतिवार सुबह भी जारी रही।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ उस समय शुरू हुई, जब पुलिस ने सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सहायता से आतंकवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना मिलने के बाद चटरू के कुचल इलाके में बुधवार रात करीब पौने आठ बजे तलाश और घेराबंदी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों को देखकर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी करने और पाकिस्तानी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकवादियों को मार गिराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं।
खबरों के अनुसार, आतंकवादी सैफुल्लाह और आदिल जिले की पहाड़ियों में सक्रिय हैं।
जम्मू क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी मुठभेड़ है। सुरक्षा बलों के साथ 26 जून को हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकवादी मारा गया था और उसके तीन साथी उधमपुर जिले में बसंतगढ़ क्षेत्र के जंगली इलाके में भाग गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 11:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

