पुरी/भुवनेश्वर, 10 अक्टूबर ओडिशा में कोविड-19 नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर सत्तारूढ़ बीजद के विधायक उमाकांत सामंत्रे के खिलाफ पुलिस द्वारा मामला दर्ज किये जाने के एक दिन बाद शनिवार को भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) ने इन्हीं आरोपों में यहां भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी का कार्यालय सील कर दिया।
सामंत्रे कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बावजूद चार अक्टूबर को पार्टी के एक नेता प्रदीप महारथी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे, जिसे लेकर शुक्रवार रात उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
वहीं बीएमसी के अधिकारियों ने सारंगी के कार्यालय को सील करते हुए दावा किया बृहस्पतिवार को यहां उनके जन्मदिन के मौके पर जश्न के दौरान कोरोना वायरस सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया।
बीजू जनता दल (बीजद) विधायक सामंत्रे ने 28 सितंबर को ट्वीट किया था कि वह कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया उन्होंने महारथी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर गलती की। साथ ही उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने पर खेद भी व्यक्त किया।
भुवनेश्वर से सांसद तथा भाजपा प्रवक्ता सारंगी ने यहां पल्लासपल्ली में अपने कार्यालय को 15 दिन के लिये बंद किये जाने पर नाराजगी प्रकट की और कार्यालय को खोले जाने तक सड़क पर बैठकर काम करने की बात कही।
सारंगी के जन्मदिन के जश्न के एक कथित वीडियो में वह बड़ी संख्या में महिलाओं से घिरी दिख रही हैं, जिन्होंने मास्क नहीं पहन रखा है और न ही उस दौरान कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये जरूरी सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किया जा रहा है। वे गीत गातीं और नृत्य करती हुई भी दिख रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY