COVID-19 Vaccine: रूस का कोविड-19 रोधी टीका ‘स्पूतनिक वी’ तैयार करने में शामिल वैज्ञानिक की हत्या
रूस का कोविड-19 रोधी टीका ‘स्पूतनिक वी’ तैयार करने वाले वैज्ञानिकों में से एक आंद्रे बोतिकोव की यहां उनके आवास पर बेल्ट से गला दबाकर हत्या कर दी गई.
मॉस्को, 4 मार्च : रूस का कोविड-19 रोधी टीका ‘स्पूतनिक वी’ तैयार करने वाले वैज्ञानिकों में से एक आंद्रे बोतिकोव की यहां उनके आवास पर बेल्ट से गला दबाकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने हत्या के संबंध में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. रूसी मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है.
रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने ‘इंवेस्टिगेटिव कमेटी ऑफ द रूसी फेडरेशन’ के हवाले से बताया कि ‘गामालेया नेशनल रिसर्च सेंटर फॉर इकोलॉजी एंड मैथमेटिक्स’ में वरिष्ठ शोधकर्ता के रूप में काम करने वाले 47-वर्षीय बोतिकोव बृहस्पतिवार को अपने अपार्टमेंट में मृत पाये गये थे. खबरों के अनुसार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 2021 में कोविड टीके पर अपने काम के लिए बोतिकोव को ‘ऑर्डर ऑफ मेरिट फॉर द फादरलैंड’ पुरस्कार से सम्मानित किया था. रिपोर्ट के अनुसार, बोतिकोव उन 18 वैज्ञानिकों में से एक थे, जिन्होंने 2020 में ‘स्पूतनिक वी’ टीका विकसित किया था. यह भी पढ़ें : COVID-19: चीन की लैब से लीक हुआ था कोरोना वायरस, अमेरिका ने किया खुलासा
मामले की जांच कर रही समिति ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि इसे हत्या का मामला मानकर तफ्तीश की जाएगी. खबर में कहा गया है कि जांचकर्ताओं के अनुसार, 29 वर्षीय युवक ने बहस के दौरान बेल्ट से बोतिकोव का गला घोंट दिया और भाग गया. संघीय जांच एजेंसी के अनुसार, उस संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2023 01:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

