देश की खबरें | तमिलनाडु में स्कूल वैन की ट्रेन से टक्कर, दो छात्रों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीर के साथ)
(तस्वीर के साथ)
कडलूर (तमिलनाडु), आठ जुलाई तमिलनाडु में कडलूर जिले के सेम्मनगुप्पम में मंगलवार की सुबह एक स्कूल वैन के चलती ट्रेन से टकरा जाने के कारण दो छात्रों की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि स्कूली छात्रों को ले जा रही वैन टक्कर लगने के बाद रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूर उछलकर गिरी। लोको पायलट ने कुछ दूर जाकर ट्रेन को रोक लिया।
रेलवे ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के लिए ‘गेटकीपर’ को निलंबित कर दिया और मृतकों के परिजनों के लिए पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने छात्रों की मौत पर दुख जताया और मृतकों के अभिभावकों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
घटनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घायलों को यहां एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक एस जयकुमार ने किसी तरह रेलवे ‘गेटकीपर’ को बचाया, जिस पर कथित लापरवाही के कारण लोगों ने हमला कर दिया था।
उन्होंने बताया कि वैन चालक ने रेल की पटरी पार करते समय यह नहीं देखा कि ट्रेन आ रही है, जिसके कारण अचानक टक्कर हो गई और वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज सुबह कडलूर जिले के सेम्मनगुप्पम में हुए भयानक रेल हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और बहुत दुखी हूं। छोटे बच्चों की मौत मेरे लिए बहुत दुखद है।’’
दुर्घटना में मारे गए 12 वर्षीय लड़के और 16 वर्षीय लड़की के माता-पिता और परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए स्टालिन ने सहायता राशि की घोषणा की और अधिकारियों को दुर्घटना में घायल हुए चार लोगों का बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। घायलों का कडलूर के सरकारी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के हवाले से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने गंभीर रूप से घायल हुए तथा उपचाराधीन लोगों को एक-एक लाख रुपये तथा मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है।
इस बीच, दक्षिणी रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, "गेटकीपर ने फाटक खोला क्योंकि वैन चालक ने स्कूल जल्दी पहुंचने के लिए जोर दिया था। रेलवे ट्रेन परिचालन के सुरक्षा नियमों के अनुसार उसे फाटक नहीं खोलना चाहिए था। चूंकि गेटकीपर ने सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया है, इसलिए उसे निलंबित कर दिया गया है। उसे सेवा से हटाने की प्रक्रिया जारी है।’’
बयान में कहा गया है, ‘‘रेलवे जानमाल के नुकसान और घायलों के लिए गहरा दुख व्यक्त करता है। रेलवे के डॉक्टर भी सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों की निगरानी कर रहे हैं और अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें (मरीजों को) इलाज के लिए जेआईपीएमईआर, पुडुचेरी में स्थानांतरित किया जाएगा।’’
रेलवे ने बताया कि सुबह करीब पौने आठ बजे छात्रों को ले जा रही स्कूल वैन ने कडलूर और अलप्पक्कम के बीच रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 170 को पार करने का प्रयास किया और इस दौरान वह ट्रेन संख्या 56813 विल्लुपुरम-मयिलादुथुराई यात्री ट्रेन से टकरा गई।
चिकित्सा राहत वैन के साथ रेलवे राहत ट्रेन को घटनास्थल पर भेज दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 12:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

