लखनऊ, नौ अगस्त लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के शहीद पथ पर शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन के डिवाइडर से टकराने के कारण छह विद्यार्थी घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दो विद्यार्थियों की हालत गंभीर है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे एक मॉल के पास स्कूली विद्यार्थियों को ले जा रही एक वैन का टायर फट गया जिसके बाद अनियंत्रित होकर वह डिवाइडर से टकरा गई।
उन्होंने बताया कि वैन में 12 विद्यार्थी सवार थे, जिनमें से छह इस हादसे में घायल हो गए। सिंह ने बताया कि चार विद्यार्थियों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य को एक निजी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि निजी अस्पताल में भर्ती नौ वर्षीय एक छात्रा की हालत गंभीर है और गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उसका उपचार किया जा रहा है।
सिंह ने बताया कि वैन के चालक को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY