देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल फिर से खुले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर में सोमवार को भारी बारिश के कारण लंबे समय से जारी गर्मी से राहत मिलने के बाद दो सप्ताह की गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार को स्कूल फिर से खुल गए।
श्रीनगर, आठ जुलाई जम्मू कश्मीर में सोमवार को भारी बारिश के कारण लंबे समय से जारी गर्मी से राहत मिलने के बाद दो सप्ताह की गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार को स्कूल फिर से खुल गए।
स्कूलों का समय सुबह साढ़े सात बजे करने के सरकार के फैसले की आलोचना के बीच स्कूल खुले।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने सोमवार को गर्मी की छुट्टियों को आगे न बढ़ाने का फैसला किया था, जबकि घाटी में गर्मी कम होने के कोई आसार नहीं दिख रहे थे।
हालांकि, घोषणा के कुछ घंटों के भीतर ही घाटी में भारी बारिश हुई और पूरे कश्मीर में तापमान सामान्य स्तर पर आ गया।
कुछ अभिभावकों ने शिक्षा मंत्री सकीना मसूद इट्टू द्वारा घोषित स्कूल खुलने के नए समय की आलोचना की।
ऑनलाइन कई वीडियो पोस्ट किए गए, जिनमें अभिभावकों ने बच्चों को सुबह साढ़े छह बजे से सात बजे के बीच स्कूल बस पकड़ने के लिए सुबह साढ़े पांच बजे उठने में होने वाली कठिनाइयों को दिखाया।
शिक्षा मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा कि घाटी में नगर निगम द्वारा संचालित शिक्षण संस्थान सुबह साढ़े सात से साढ़े 11 बजे तक काम करेंगे, जबकि अन्य क्षेत्रों में समय सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक होगा।
मंत्री ने कहा कि छात्र एक घंटे के विराम के बाद घर से दो ऑनलाइन कक्षाओं में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘एक घंटे के विराम के बाद दो ऑनलाइन कक्षाएं होंगी। शिक्षक दोपहर दो बजे तक उपलब्ध रहेंगे। सभी संस्थान प्रमुखों को यह सुनिश्चित करना होगा कि ऑनलाइन कक्षाएं नियमित रूप से आयोजित की जाएं।’’
कश्मीर में बढ़ती गर्मी के कारण प्रशासन ने 21 जून को घाटी के सभी स्कूलों में 23 जून से सात जुलाई तक 15 दिन की ग्रीष्मकालीन छुट्टी की घोषणा की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 11:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

