देश की खबरें | भारत और अन्य देशों के साथ मजबूत संबंधों के लिए सऊदी अरब की नई पहल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सऊदी अरब ने एक नई पहल शुरू की है जिसका उद्देश्य जीवन की गुणवत्ता को बढ़ावा देने तथा सांस्कृतिक संवर्धन के माध्यम से स्थानीय समाज और भारतीय एवं अन्य प्रवासी समुदायों के बीच मजबूत संबंध विकसित करना है।

रियाद, 17 अक्टूबर सऊदी अरब ने एक नई पहल शुरू की है जिसका उद्देश्य जीवन की गुणवत्ता को बढ़ावा देने तथा सांस्कृतिक संवर्धन के माध्यम से स्थानीय समाज और भारतीय एवं अन्य प्रवासी समुदायों के बीच मजबूत संबंध विकसित करना है।

बुधवार रात को यहां वैश्विक सद्भाव पहल की शुरुआत करते हुए सऊदी अरब में मीडिया के उप मंत्री खालिद बिन अब्दुल कादिर अल-गामदी ने कहा, “यह पहल प्रवासियों की विभिन्न संस्कृतियों और वे किस प्रकार सद्भाव से रह रहे हैं, को प्रदर्शित करेगी।”

वैश्विक सद्भाव पहल सऊदी अरब के ‘विज़न 2030’ के तहत उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए देश के ‘जीवन की गुणवत्ता’ कार्यक्रम का एक हिस्सा है।

इस मौके पर भारत के राजदूत सुहेल एजाज़ खान और कई अन्य देशों के शीर्ष राजनयिक मौजूद थे।

इस पहल की शुरुआत के बाद अल-गामदी ने कहा कि सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय, सऊदी समाज के लिए बड़े पैमाने पर योगदान दे रहे हैं।

खान ने कहा कि सऊदी अरब में भारतीय सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है, जिसकी संख्या करीब 26 लाख है। उन्होंने कहा, “भारतीय समुदाय बढ़ रहा है। पिछले एक साल में ही समुदाय के लोगों की संख्या में करीब दो लाख की वृद्धि हुई है।”

खान ने तादाद में इजाफे की कई वजह बताईं।

राजदूत ने कहा, “ ‘विज़न 2030’ के कारण बड़े आर्थिक मौके हैं। लेकिन सबसे अहम कारक यह है कि इस देश में भारतीयों की अच्छी साख है और यही वह चीज़ है जो लोगों को भारतीय कामगारों पर अधिक भरोसा करने के लिए प्रेरित करती है।”

उन्होंने कहा, “ पिछले कुछ सालों में भारतीय कामगारों की प्रोफ़ाइल भी बदल गई है। अब यहां ज़्यादा से ज़्यादा कुशल भारतीय कामगार आ रहे हैं।’’

खान ने यह भी कहा कि द्विपक्षीय संबंध बढ़ रहे हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो बार सऊदी अरब की यात्रा कर चुके हैं और सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान भी जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच थल सैनिक और नौसैनिक अभ्यास भी हुए हैं।

वैश्विक सद्भाव पहल के तहत 13 से 21 अक्टूबर तक यहां अल-सुवेदी पार्क में चल रहे ‘रियाद सीज़न’ में विभिन्न देशों और संस्कृतियों के लोगों की विविध जीवन शैलियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

भारत के अलावा, इसमें शिरकत करने वाले अन्य देश फिलीपीन, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, यमन, सूडान, जॉर्डन, लेबनान, सीरिया, बांग्लादेश और मिस्र हैं।

अल-सुवेदी पार्क में भारत के विभिन्न नृत्य मंडलियों, संगीत समूहों और गायकों ने प्रस्तुतियां भी दी हैं।

आयोजकों ने बताया कि भारत से भाग लेने वालों में संगीतकार हिमेश रेशमिया, रैपर एमीवे बंटाई और क्रिकेटर उमरान मलिक और एस श्रीसंत शामिल हैं।

भारतीय व्यंजनों, कपड़ों और हस्तशिल्प के लिए एक अलग बाजार भी स्थापित किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\