एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | सात्विक-चिराग की जोड़ी पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. पदक की दावेदार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने सोमवार को एक मैच शेष रहते पेरिस ओलंपिक के बैडमिंटन पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया जब एक जोड़ी प्रतियोगिता से हट गई जबकि दूसरी को हार का सामना करना पड़ा।

खेल की खबरें | सात्विक-चिराग की जोड़ी पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में

पेरिस, 29 जुलाई पदक की दावेदार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने सोमवार को एक मैच शेष रहते पेरिस ओलंपिक के बैडमिंटन पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया जब एक जोड़ी प्रतियोगिता से हट गई जबकि दूसरी को हार का सामना करना पड़ा।

विश्व की तीसरे नंबर की भारतीय जोड़ी को सोमवार को मार्क लैम्सफस और मार्विन सीडेल की जर्मनी की जोड़ी से भिड़ना था जो उनका दूसरा ग्रुप सी मैच था। लेकिन लैम्सफस के चोटिल होने के कारण मैच रद्द कर दिया गया।

ग्रुप चरण के लिए बीडब्ल्यूएफ के प्रतियोगिता नियमों के अनुसार लैम्सफस और सीडेल से जुड़े सभी मैच जो खेले गए या अभी खेले जाने बाकी हैं, उनके परिणाम ‘डिलीट’ किए गए जाने जाएंगे। जर्मनी की जोड़ी के खिलाफ खेले गए मैचों के किसी भी अंक की गणना नहीं की जाएगी।

परिणामस्वरूप पुरुष युगल ग्रुप सी में अब सिर्फ तीन जोड़ियां होंगी। भारतीय जोड़ी के अलावा फ्रांस के लुकास कोरवी और रोनन लबार तथा इंडोनेशिया के मुहम्मद रियान अर्दिआंतो और फजर अल्फियान अन्य दो जोड़ी हैं।

एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक-चिराग और इंडोनेशियाई जोड़ी ने एक-एक मैच जीता है। दोनों जोड़ियों ने कोरवी और लबार के खिलाफ जीत दर्ज की है जो दो हार के बाद बाहर हो गए हैं।

चारों ग्रुप से दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी इसलिए सात्विक-चिराग और अर्दिआंतो-अल्फियान की जोड़ी क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर गई है।

मंगलवार को सात्विक-चिराग की जोड़ी का सामना अर्दिआंतो-अल्फियान की जोड़ी से होगा जिससे यह तय होगा कि ग्रुप में कौन शीर्ष पर रहेगा।

बीडब्ल्यूएफ ने कहा कि पुरुष युगल के नॉकआउट दौर के लिए ड्रॉ बुधवार को होगा। इससे पहले बीडब्ल्यूएफ ने प्रतियोगिता से लैम्सफस और सीडेल की जर्मनी की जोड़ी के हटने की घोषणा की थी।

बीडब्ल्यूएफ ने कहा, ‘‘जर्मनी के पुरुष युगल खिलाड़ी मार्क लैम्सफस ने घुटने की चोट के कारण ओलंपिक खेल पेरिस 2024 बैडमिंटन प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लैम्सफस और उनके साथी मार्विन सीडेल के भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी (कोर्ट तीन, स्थानीय समयानुसार सुबह 8.30 बजे, 29 जुलाई 2024) और फ्रांस के लुकास कोरवी/रोनन लबार (कोर्ट एक, स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.50 बजे से पहले नहीं, 30 जुलाई 2024) के खिलाफ ग्रुप सी के शेष मैच नहीं खेले जाएंगे।’’

सात्विक और चिराग ने शनिवार को कोरवी और लबार पर 21-17, 21-14 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2024 11:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).