एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सरपंच हत्या: अभिनेत्री प्राजक्ता माली ने ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों के लिए भाजपा विधायक की आलोचना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेत्री-निर्माता प्राजक्ता माली ने सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मंत्री धनंजय मुंडे को निशाना बनाने के प्रयास में उनका नाम घसीटने के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सुरेश धस की आलोचना की।

देश की खबरें | सरपंच हत्या: अभिनेत्री प्राजक्ता माली ने ‘अपमानजनक’ टिप्पणियों के लिए भाजपा विधायक की आलोचना की

मुंब‍ई, 28 दिसंबर अभिनेत्री-निर्माता प्राजक्ता माली ने सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मंत्री धनंजय मुंडे को निशाना बनाने के प्रयास में उनका नाम घसीटने के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सुरेश धस की आलोचना की।

मासजोग के सरपंच देशमुख का नौ दिसंबर को बीड में एक ऊर्जा फर्म पर जबरन वसूली की कोशिश को विफल करने के प्रयास के दौरान अपहरण कर लिया गया था। देशमुख को प्रताड़ित किया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई।

इस मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जबरन वसूली मामले में आरोपी वाल्मिक कराड को लेकर राजनीतिक खींचतान जारी है। बताया जाता है कि वह परली से विधायक मुंडे का करीबी है।

माली ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि धस की टिप्पणी पूरी तरह से निराधार है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं, खासकर कलाकारों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

माली ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए उनकी परली यात्रा से संबंधित वीडियो के पिछले डेढ़ महीने से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने और फर्जी खबरों पर उनकी चुप्पी को ‘सहमति’ के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “कलाकार इस तरह की बदनामी से दूर रहना पसंद करते हैं। लेकिन सुरेश धस एक निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और वह जो कहते हैं और जिस तरह से कहते हैं उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।”

अभिनेत्री ने जोर देकर कहा, “धस की टिप्पणी झूठी और निराधार है। मुझे धनंजय मुंडे से जोड़ने वाली उनकी टिप्पणी अपमानजनक है।”

उन्होंने कहा कि जब सोशल मीडिया पर इस तरह की नकारात्मकता फैलाई जा रही थी, तब उनके परिवार और दोस्तों ने उन पर विश्वास किया लेकिन जब कोई विधायक इस तरह की टिप्पणी करता है तो इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है।

माली ने कहा कि धस को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और वह विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही हैं।

इस बीच, धस ने कहा कि माली से माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता और उन्होंने कुछ भी आपत्तिजनक नहीं कहा है।

धस ने कहा, “मैं उन्हें नहीं जानता और वह मेरी दुश्मन नहीं हैं। उन्हें कल जो मैंने कहा था, उसे फिर से सुनना चाहिए।”

भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने धस से सरपंच हत्या मामले में मुंडे पर सार्वजनिक रूप से हमला करने से बचने को कहा है।

बावनकुले ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं धस से कहूंगा कि उनके पास जो भी जानकारी है, उसे सार्वजनिक करने के बजाय सीधे मुख्यमंत्री से साझा करें। मैं उनसे (धस से) कहूंगा कि ऐसी कोई टिप्पणी न करें जिससे (हत्या की) जांच प्रभावित हो।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 28, 2024 08:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).