नयी दिल्ली, 11 जुलाई दिग्गज कंपनी आईटीसी लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी का कुल वेतन वित्त वर्ष 2022-23 में 53.08 प्रतिशत बढ़कर 16.31 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष में पुरी को 2.88 करोड़ रुपये का मूल वेतन, 57 लाख रुपये का अनुलाभ एवं अन्य लाभ और 12.86 करोड़ रुपये का प्रदर्शन बोनस एवं दीर्घावधि प्रोत्साहन कमीशन दिया गया।
इसके एक साल पहले 2021-22 में पुरी का कुल पारिश्रमिक 10.66 करोड़ रुपये रहा था। इसमें 2.64 करोड़ रुपये का मूल वेतन, 49.63 लाख रुपये का अनुलाभ एवं अन्य लाभ और 7.52 करोड़ रुपये का प्रदर्शन बोनस था।
पुरी को जुलाई, 2019 में कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया था और उनका मौजूदा कार्यकाल जुलाई, 2024 में खत्म होगा।
इस बीच, आईटीसी के निदेशक मंडल ने उन्हें पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की अनुशंसा कर दी है। इस पर शेयरधारकों की 11 अगस्त को होने वाली सालाना आमसभा में मुहर लगाई जाएगी।
पिछले वित्त वर्ष में पुरी के बाद सर्वाधिक वेतन नकुल आनंद को मिला। आईटीसी के आतिथ्य एवं पर्यटन कारोबार को देखने वाले आनंद का कुल पारिश्रमिक 8.18 करोड़ रुपये रहा।
उनके बाद 7.58 करोड़ रुपये वेतन के साथ बी सुमंत मौजूद रहे। सुमंत पेपरबोर्ड और कागज एवं पैकेजिंग कारोबार को देखते हैं।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY