एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | संजय राउत ने हत्यारोपी के साथ मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे व सांसद श्रीकांत शिंदे हत्या मामले में आरोपी और फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर व्यक्ति का स्वागत करते दिख रहे हैं।

देश की खबरें | संजय राउत ने हत्यारोपी के साथ मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली

मुंबई, पांच फरवरी शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे व सांसद श्रीकांत शिंदे हत्या मामले में आरोपी और फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर व्यक्ति का स्वागत करते दिख रहे हैं।

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा के एक विधायक ने ठाणे जिले के एक थाने में शिवसेना (शिंदे गुट) के स्थानीय नेता पर कथित तौर पर गोली चला दी थी जिसके तीन दिन बाद राउत ने यह तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली है।

रविवार को श्रीकांत शिंदे को कई लोग जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे, जिनमें पुणे का निवासी और मार्ने गिरोह के प्रमुख सदस्यों में से एक किशोर मार्ने की हत्या के मामले में आरोपी हेमंत दाभेकर भी शामिल था। दाभेकर को शरद मोहोल गिरोह का सदस्य बताया जाता है।

राउत ने कल्याण से लोकसभा सदस्य श्रीकांत शिंदे को बधाई देते हुए दाभेकर की तस्वीर ‘एक्स’ पर साझा की और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राज्य के उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडनवीस और पुणे पुलिस को भी पोस्ट में टैग किया।

राउत ने दाभेकर का नाम लिए बिना लिखा, “गृह मंत्री देवेंद्रजी, महाराष्ट्र में गुंडों का शासन है। सत्ताधारी पार्टी के विधायक ने थाने में गोलीबारी की। गुंडे इतने शक्तिशाली क्यों हो गए? इसके लिए कौन जिम्मेदार है?”

उन्होंने दाभेकर के चेहरे पर गोल घेरा बना रखा है।

उन्होंने कहा, “कल, युवराज ने अपना जन्मदिन मनाया। इस तस्वीर में जिस व्यक्ति के चेहरे पर घेरा बना हुआ है, वह कौन है पहचानिए? तब पता चलेगा कि गुंडों को कौन पाल-पोस रहा है।”

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने दावा किया, ''सरकार के आशीर्वाद से राज्य में गुंडे आजाद हैं।''

तस्वीर पर विवाद के बाद, युवा सेना के पदाधिकारी अनिकेत जावलकर को सोमवार को बिना कोई कारण बताए पश्चिमी महाराष्ट्र पर्यवेक्षक के पद से हटा दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 05, 2024 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).