एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | संघर्ष समिति ने जम्मू-कश्मीर के कटरा में रोपवे परियोजना के खिलाफ बंद 72 घंटे और बढ़ाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने प्रस्तावित रोपवे परियोजना को स्थगित करने और माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर कटरा में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को रिहा करने सहित अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार रात बंद को 72 घंटे के लिए बढ़ा दिया।

देश की खबरें | संघर्ष समिति ने जम्मू-कश्मीर के कटरा में रोपवे परियोजना के खिलाफ बंद 72 घंटे और बढ़ाया

कटरा / जम्मू, 27 दिसंबर श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने प्रस्तावित रोपवे परियोजना को स्थगित करने और माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर कटरा में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को रिहा करने सहित अपनी मांगों को लेकर शुक्रवार रात बंद को 72 घंटे के लिए बढ़ा दिया।

जम्मू कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में प्रस्तावित रोपवे परियोजना के विरोध में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन कटरा पूर्ण रूप से बंद रहा।

कई महिलाएं और बच्चे धरने में शामिल हुए, जबकि युवाओं ने तीसरे दिन भी अपनी भूख हड़ताल जारी रखी। वे पहले के प्रदर्शनों के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की रिहाई की मांग कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री जुगल किशोर शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘समिति ने बंद को 72 घंटे तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। वे मांग कर रहे हैं कि त्रिकुटा पहाड़ियों में रोपवे परियोजना को रद्द किया जाए और हिरासत में लिए गए लोगों को तुरंत रिहा किया जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस आंदोलन में सभी दल एकमत हैं। यहां विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद हैं। रोपवे परियोजना के खिलाफ उनकी लड़ाई में सभी एकजुट हैं।’’ शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने बुधवार को बंद का आह्वान किया था। समिति ने कहा कि बंद के दौरान कटरा में सभी गतिविधियां स्थगित रहेंगी।

पूरे शहर में काले झंडे लगाए गए और दुकानें, रेस्तरां और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान तीसरे दिन भी बंद रहे तथा वाहनों की आवाजाही ठप रही।

समिति के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह बंद रोपवे परियोजना के खिलाफ हमारे शांतिपूर्ण विरोध का हिस्सा है। समिति जल्द ही अगली कार्रवाई पर फैसला करेगी।’’

पिछले महीने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने गुफा मंदिर तक 13 किलोमीटर लंबी यात्रा करने में असमर्थ विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और अन्य लोगों की मंदिर तक पहुंच को आसान बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे लगाने की योजना की घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 27, 2024 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).