देश की खबरें | बेलागावी में संगोली रायन्ना की प्रतिमा विरूपित की गयी, कर्नाटक सरकार के वाहनों को निशाना बनाया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेंगलुरु में शिवाजी महाराज की प्रतिमा विरूपित किये जाने के दावे के बाद यहां उपद्रवी तत्वों ने स्वतंत्रता सेनानी संगोली रायन्ना की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी एवं सरकारी वाहनों पर पथराव किया।

बेलागावी (कर्नाटक), 18 दिसंबर बेंगलुरु में शिवाजी महाराज की प्रतिमा विरूपित किये जाने के दावे के बाद यहां उपद्रवी तत्वों ने स्वतंत्रता सेनानी संगोली रायन्ना की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी एवं सरकारी वाहनों पर पथराव किया।

शुक्रवार रात की इन घटनाओं को नियम विरूद्ध बताते मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि उन्होंने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ गृह मंत्री अरग ज्ञानेंद्र से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि इन मामलों के संबंध में 27 लोग गिरफ्तार किये गये हैं।

इन घटनाओं के कारण कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बेलगावी को लेकर सीमा विवाद के चलते टकराव की स्मृतियां ताजा हो चली हैं । इस बीच कर्नाटक के गृहमंत्री ने कहा कि पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

बेलगावी में कर्नाटक विधानमंडल का शीतकालीन सत्र चल रहा है। ऐसे में पुलिस ने दो अप्रिय घटनाओं के बाद शनिवार को यहां निषेधाज्ञा लगा दी।

मुख्यमंत्री ने हुब्बली में पत्रकारों से कहा, ‘‘पथराव, सार्वजनिक संपत्ति और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं गैरकानूनी हैं इसलिए पुलिस को दीर्घकालीन कदम उठाने का निर्देश दिया जाता है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।’’

राष्ट्र नायकों और देशभक्त नेताओं की प्रतिमाओं को विरूपित करने के रवैये को गलत बताते हुए बोम्मई ने कहा कि ऐसे नेता प्रत्येक समुदाय के होते हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘जब विधानसभा का सत्र चल रहा है तो इस घटना के समय सहित कई पहलुओं जांच की जाएगी।’’

संगोली रायन्ना सेने शिवराज होलीमठ के अध्यक्ष ने शनिवार को तिलकवाड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज करायी कि दक्षिण बेलागावी के अंगोल में उनके घर के सामने रखी संगोली रायन्ना की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गयी है। यह प्रतिमा अभी स्थापित नहीं की गयी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों ने शुक्रवार रात को प्रतिमा क्षतिग्रस्त की और जब उन्होंने शोर मचाया तो वे भाग गये।

पुलिस ने बताया कि प्रतिमा को तिलकवाड़ी थाने लाया गया है और इलाके में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

इससे पहले उत्तर बेलागावी में एक घटना में आधी रात को संभाजी सर्किल के समीप भीड़ एकत्रित हो गयी और उसने नारेबाजी तथा सरकारी और पुलिस वाहनों पर पथराव करना शुरू कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरू में शिवाजी महाराज की प्रतिमा कथित तौर पर विरूपित करने की खबरें आने के बाद भीड़ हिंसा पर उतारू हो गयी। पुलिस ने बीच-बचाव किया और स्थिति पर काबू पाया।

गृह मंत्री ए.ज्ञानेंद्र ने कहा कि इन घटनाओं के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है तथा कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ज्ञानेंद्र ने कहा , ‘‘ पुलिस यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो। मराठी और कन्नड़ भाषी लोग बेलगावी में शांतिपूर्ण तरीके से रह रहे हैं लेकिन कुछ उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।’’

गृहमंत्री ने कहा कि किसी को भी संगोली रायन्ना या शिवाजी महाराज जैसे महापुरूषों का इस्तेमाल किसी समुदाय या के नाम पर क्षुद्र राजनीति के लिए नहीं करना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now