देश की खबरें | संभल हिंसा : सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे से एसआईटी ने पांच घंटे पूछताछ की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संभल में पिछले वर्ष नवंबर माह में हुई हिंसा के मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष मंगलवार को पेश हुए और उनसे पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।

संभल (उप्र), छह मई संभल में पिछले वर्ष नवंबर माह में हुई हिंसा के मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष मंगलवार को पेश हुए और उनसे पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।

सुहैल इकबाल ने संभल कोतवाली थाने में अपना बयान दर्ज कराया।

बयान दर्ज कराने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सुहैल ने कहा, "एसआईटी ने आज मुझे बुलाया था। मैंने अपने पास मौजूद जानकारी के आधार पर सभी सवालों के जवाब दिए। कैमरे के सामने सवालों को बताना उचित नहीं होगा। टीम ने कई सवाल पूछे और हमने अपने पास मौजूद सारी जानकारी दे दी। अगर एसआईटी मुझे दोबारा बुलाती है तो मैं जरूर पेश होऊंगा।"

एसआईटी की टीम द्वारा की गई पूछताछ दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई और पांच घंटे से अधिक समय तक चली।

पिछले साल 24 नवंबर को शहर के कोट गर्वी इलाके में स्थित शाही जामा मस्जिद में एक स्थानीय अदालत के आदेश पर किए गए सर्वेक्षण के दौरान स्थानीय लोगों के विरोध के बाद हिंसा भड़क गई थी। इसमें चार लोगों की जान चली गई थी, जबकि सुरक्षाकर्मियों सहित कई अन्य घायल हो गए थे।

अदालत ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सर्वेक्षण का आदेश दिया था, जिसमें दावा किया गया था कि मस्जिद एक हिंदू मंदिर को ध्वस्त करने के बाद बनाई गयी है।

सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क के साथ सुहैल इक़बाल का भी नाम इस मामले में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\