एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सैनी ने कांग्रेस पर 'हरियाणा मांगे हिसाब' अभियान को लेकर पलटवार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर मंगलवार को उसके अभियान ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ को लेकर पलटवार किया और कहा कि भाजपा नियमित रूप से जनता के सामने अपने कार्यों का लेखा-जोखा रखती है, लेकिन विपक्षी दल को यह बताना चाहिए कि जब वह सत्ता में था तो उसने (जनता के लिए) क्या किया।

देश की खबरें | सैनी ने कांग्रेस पर 'हरियाणा मांगे हिसाब' अभियान को लेकर पलटवार किया

चंडीगढ़, तीन सितंबर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर मंगलवार को उसके अभियान ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ को लेकर पलटवार किया और कहा कि भाजपा नियमित रूप से जनता के सामने अपने कार्यों का लेखा-जोखा रखती है, लेकिन विपक्षी दल को यह बताना चाहिए कि जब वह सत्ता में था तो उसने (जनता के लिए) क्या किया।

मुख्यमंत्री ने करनाल के नीलोखेड़ी में 'जन आशीर्वाद' रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने 'झूठ' बोला और 'गलत सूचना' फैलाई कि अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो संविधान बदल दिया जाएगा।

सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ झूठ का सहारा लेकर वोट हासिल करना और बाद में जनता का शोषण करना इनके डीएनए में है।’’

मुख्यमंत्री ने पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस पर हमले तेज करते हुए कहा, ‘‘वे हमसे (किए गए कार्यों का) हिसाब मांग रहे हैं... पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम किया है... हमने समान विकास किया है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम नियमित रूप से लोगों को अपने काम का हिसाब देते हैं, लेकिन कांग्रेस झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करती है।’’

सैनी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की हरियाणा इकाई से कुछ सवाल पूछे थे, 'लेकिन उन्होंने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।'

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के अन्य लोग 'हिसाब मांगे यात्रा' निकाल रहे हैं। हुड्डा साहब को अपने 10 साल के शासन में किए गए कार्यों का भी हिसाब देना चाहिए। यदि मैं, हमारी सरकार के 10 साल का हिसाब देना शुरू करूं तो इस पर 10 घंटे तक बोल सकता हूं।’’

सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने प्रदेश में चहुंमुखी विकास किया है।

सैनी ने कहा कि मार्च में उनके मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तीन दिन बाद ही लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी।

भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले मार्च में मनोहर लाल खट्टर के स्थान पर तत्कालीन राज्य इकाई के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बना दिया था।

खट्टर करनाल से लोकसभा के लिए चुने गए और उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया गया, जबकि सैनी ने करनाल विधानसभा उपचुनाव जीता, जो लोकसभा चुनावों के साथ हुआ था।

सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद से लेकर 16 अगस्त को हरियाणा चुनावों की घोषणा होने तक उनके पास बमुश्किल दो महीने का समय था।

उन्होंने कहा कि इस छोटी सी अवधि में भी भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और गरीबों सहित विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई फैसले लिए।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ जो लोग हमसे हिसाब मांग रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमने विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई फैसले लिए हैं...उन्हें भी यह बताना चाहिए कि जब वे सत्ता में थे तो उन्होंने क्या किया।’’

कांग्रेस किसानों से जुड़े कई मुद्दों के साथ-साथ बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधती रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 03, 2024 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).