एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेल ने दिसंबर तिमाही में 1,468 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (सेल) ने दिसंबर, 2020 में समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 1,468 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 343.57 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। मुख्य रूप से आमदनी बढ़ने से देश की प्रमुख इस्पात कंपनी मुनाफे में लौटी है।

जरुरी जानकारी | सेल ने दिसंबर तिमाही में 1,468 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया

नयी दिल्ली, 30 जनवरी सार्वजनिक क्षेत्र की इस्पात कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (सेल) ने दिसंबर, 2020 में समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 1,468 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 343.57 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। मुख्य रूप से आमदनी बढ़ने से देश की प्रमुख इस्पात कंपनी मुनाफे में लौटी है।

बीएसई को शुक्रवार रात दी जानकारी में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 19,997.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान तिमाही में 16,714.87 करोड़ रुपये थी।

अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 16,406.81 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 17,312.64 करोड़ रुपये था।

सेल ने बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसका कच्चे इस्पात का उत्पादन नौ प्रतिशत बढ़कर 43.7 लाख टन पर पहुंच गया। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का बिक्री योग्य इस्पात का उत्पादन छह प्रतिशत बढ़कर 41.5 लाख टन रहा।

सेल की चेयरमैन सोमा मंडल ने कहा, ‘‘तमाम चुनौतियों के बावजूद सेल ने चालू वित्त वर्ष के दौरान कुल मिलाकर सुधार दर्ज किया है। अवसर का लाभ उठाते हुए कंपनी लॉकडाउन हटने के बाद बढ़ती इस्पात की मांग को पूरा करने में जुट गई।’’

इस्पात मंत्रालय के तहत आने वाली सेल देश की सबसे बड़ी इस्पात कंपनी है। कंपनी की स्थापित क्षमता 2.1 करोड़ टन सालाना की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2021 01:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).