जरुरी जानकारी | सहज मिल्क प्रोड्यूसर आगरा में सचल वैन के जरिये बेचेगी दूध
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एसएमपीसीएल) आगरा में सचल वैन के जरिये दूध बेचेगी। कंपनी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के आगरा में एक सचल दूध बिक्री वैन (मोबाइल मिल्क वेंडिंग वैन) की शुरूआत की।
आगरा, 27 जून सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एसएमपीसीएल) आगरा में सचल वैन के जरिये दूध बेचेगी। कंपनी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के आगरा में एक सचल दूध बिक्री वैन (मोबाइल मिल्क वेंडिंग वैन) की शुरूआत की।
इस ‘मोबाइल मिल्क एटीएम’ के जरिये शुरू में प्रतिदिन 700-800 लीटर दूध बेचने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी के एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के अध्यक्ष मीनेश शाह ने मोबाइल मिल्क वेंडिंग वैन को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वह एनडीडीबी की सहायक कंपनी एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज (एनडीएस) के अध्यक्ष भी हैं, जो सहज को तकनीकी सहायता प्रदान करती है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दस जिलों में लगभग एक लाख डेयरी किसानों के स्वामित्व में सहज ने आगरा में दायरा बढ़ाने के लिए इस वित्त वर्ष के दौरान ऐसे और अधिक मोबाइल दूध एटीएम लाने की योजना बनाई है और शुरुआत में मथुरा तथा अलीगढ़ को इसके दायरे में लाने के लिए इसका विस्तार किया है।
शाह ने कहा, ‘‘मोबाइल मिल्क वेंडिंग वैन की शुरूआत एसएमपीसीएल के लिए मील का पत्थर है। यह प्रयास उपभोक्ताओं को ताजा और गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराने के लिए सहज के एक लाख डेयरी किसान सदस्यों की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।’’
सहज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बसंत चौधरी ने कहा कि दूध वेंडिंग वैन शुरुआत में आगरा विकास प्राधिकरण के चार क्षेत्रों - सिकंदरा - सेक्टर 5, 6, 9 और 10 को दूध आपूर्ति करेगी।
इस अभिनव मोबाइल मंच के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 700 से 800 लीटर दूध बेचे जाने की उम्मीद है।
इससे पहले दिन में, शाह ने गढ़ी दहर में अत्याधुनिक 1,000 लीटर थोक दुग्ध शीतलीकरण (बीएमसी) संयंत्र का उद्घाटन किया और नंगला पचौरी गांव में एक मॉडल डेयरी फार्म का दौरा किया।
एसएमपीसीएल की स्थापना 17 अक्टूबर 2014 को हुई थी, जिसका मुख्यालय उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित है। यह राज्य के 10 जिलों में संचालित होता है और अपने किसान सदस्यों से प्रतिदिन 5.80 लाख किलोग्राम दूध एकत्र करता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)