देश की खबरें | शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल अस्पताल में भर्ती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंडीगढ़, 21 अप्रैल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि चिकित्सकों द्वारा 95 वर्षीय बादल की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "यह जानकर चिंतित हूं कि दिग्गज नेता श्री प्रकाश सिंह बादल जी अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। श्री सुखबीर सिंह बादल जी के साथ उनके स्वास्थ्य के बारे में टेलीफोन पर चर्चा की। मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
बादल को रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके बादल को पिछले साल जून में उदर रोग और दमा संबंधी समस्याओं की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
फरवरी 2022 में उन्हें कोविड-19 के बाद की स्वास्थ्य जांच के लिए मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उनके हृदय और फेफड़े की जांच भी हुई थी।
कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद जनवरी 2022 में उन्हें लुधियाना स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शिअद संरक्षक को डॉक्टरों ने सलाह दी थी कि वह खासकर कोरोना वायरस संक्रमण के बाद नियमित तौर पर एहतियाती जांच कराते रहें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)