एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में रूस का आक्रमण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. राजधानी कीव में धमाकों की कई आवाजें सुनी गयीं। रूसी सैनिकों ने दूसरे दिन भी हमले जारी रखे हैं।

विदेश की खबरें | यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहरी इलाकों में रूस का आक्रमण

राजधानी कीव में धमाकों की कई आवाजें सुनी गयीं। रूसी सैनिकों ने दूसरे दिन भी हमले जारी रखे हैं।

इस बीच पश्चिमी नेताओं ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने एक ऐसे हमले को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई जो उनकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को गिरा सकता है, बड़े पैमाने पर इसमें लोग हताहत हो सकते है और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंच सकता है।

यूक्रेन की सेना का कहना है कि रूसी बलों को कीव से लगभग पांच किलोमीटर (तीन मील) की दूरी पर देखा गया है, वे हमले के लिए यूक्रेन की राजधानी की ओर बढ़ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शहर में एक मेट्रो स्टेशन से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा क्योंकि इलाके में गोलियां चल रही हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि कीव की ‘‘ घेराबंदी हो सकती है’’ । अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा अपने स्वयं का शासन स्थापित करने का यह एक ‘निर्लज्ज प्रयास’ है।

यूक्रेन के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज किया और अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ‘‘ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे।’’

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने वैश्विक नेताओं से पश्चिमी सहयोगियों द्वारा रूस पर, लगाए गए प्रतिबंधों से भी अधिक गंभीर प्रतिबंध लगाने और अपने देश के लिए रक्षा सहायता की अपील की।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘यदि आप अभी हमारी मदद नहीं करते हैं, यदि आप यूक्रेन को एक मजबूत सहायता प्रदान करने में विफल रहते हैं, तो कल युद्ध आपके दरवाजे पर दस्तक देगा।’’

शुक्रवार को तड़के कीव में हवाई हमले के सायरन बजते ही, शहर के एक होटल के मेहमानों को भूतल में एक अस्थायी आश्रय स्थल पर जाने को कहा गया। कर्मचारियों, सभी स्थानीय विश्वविद्यालय के छात्रों ने मेहमानों को चाय और कुछ खाद्य सामग्री दी।

इन कर्मचारियों में से एक लुसी वाशाका (20) ने कहा, “हम सभी डरे हुए और चिंतित हैं। हम नहीं जानते कि अब क्या करना है, कुछ दिनों में क्या होने वाला है।’’

यूक्रेन के अधिकारियों और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि रूसी सेनाएं क्रीमिया (जिस पर 2014 में रूस ने कब्जा कर लिया था) के दक्षिणी हिस्से से पूर्व में यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव और बेलारूस से देश के उत्तरी भाग में लगातार हमला कर रही हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस के हमले में अभी तक 10 सैन्यकर्मियों समेत 137 नागरिक मारे गए हैं। उनके एक सलाहकार ने कहा कि लगभग 400 रूसी सैनिक मारे गए हैं। मास्को ने हालांकि हताहतों की संख्या नहीं बताई है। किसी भी दावे को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है।

राजधानी शहर पर रूसी हमले के डर से, रात होते ही हजारों लोग भूमिगत हो गए, और कीव के मेट्रो स्टेशनों में चले गये। कुछ ने अस्थायी बंकरों में रात बिताई।

रूस का कहना कि वह शहरों को निशाना नहीं बना रहा है, लेकिन पत्रकारों ने कई नागरिक क्षेत्रों में तबाही देखने का दावा किया है।

कीव के मेयर विताली क्लित्स्को ने कहा कि एक रॉकेट के कारण शुक्रवार को शहर में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट की इमारत में आग लग गई।

यूक्रेनी सेना ने शुक्रवार को कीव के उत्तर-पश्चिम में लगभग 60 किलोमीटर (40 मील) इवांकीव के निकट लड़ाई की सूचना दी। रूसी सेना ने स्पष्ट रूप से उत्तर से राजधानी की ओर बढ़ने की कोशिश की है। रूसी सैनिकों ने रूस के साथ लगती सीमा के निकट सुमी शहर में भी प्रवेश किया, जो पूर्व से कीव की ओर जाने वाले राजमार्ग पर है। अंतिम सूचना मिलने तक रूसी बल इसके और नजदीक पहुंच गये हैं।

अधिकारियों ने बताया कि लड़ाई में कीव से लगभग 60 किलोमीटर की दूरी पर उत्तर-पश्चिम में स्थित इवांकीव में नदी पर बना एक पुल शुक्रवार की सुबह नष्ट हो गया।

यूक्रेन में गृह मंत्रालय के सलाहकार एंतोन गेराशेंको ने टेलीग्राम पर कहा, “आज का दिन सबसे कठिन होगा। दुश्मन की योजना टैंक के जरिये इवांकीव और चेर्निहाइव के रास्ते कीव में दाखिल होने की है। हमारी एटीजीएम (एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल) की चपेट में आने पर रूसी टैंक जलकर खाक हो जाते हैं।’’

राष्ट्रपति के सलाहकार मायहेलो पोडोलीक ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि आक्रमण शुरू होने के कुछ घंटों बाद, रूसी सेना ने चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर लिया।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि अगर पुतिन उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों में घुसेंगे, तो अमेरिका हस्तक्षेप करेगा। बाइडन ने कहा कि अगर उनके रूसी समकक्ष को अभी नहीं रोका गया, तो उनका हौसला बढ़ेगा।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि उन्होंने ब्रिटेन के वित्तीय बाजारों के जरिये रूस को अलग-थलग करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों की घोषणा की गई है और सभी बड़े रूसी बैंकों की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 25, 2022 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).