विदेश की खबरें | रूस ने इस्तांबुल वार्ता के दौरान अमेरिका के साथ सीधे हवाई संपर्क बहाल करने की पेशकश की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. दोनों देशों के राजनयिकों ने बृहस्पतिवार को इस्तांबुल में मुलाकात की और अपने-अपने दूतावासों के संचालन को सामान्य बनाने पर चर्चा की, जो पिछले वर्षों के दौरान राजनयिकों के निष्कासन के चलते बाधित रहा है।
दोनों देशों के राजनयिकों ने बृहस्पतिवार को इस्तांबुल में मुलाकात की और अपने-अपने दूतावासों के संचालन को सामान्य बनाने पर चर्चा की, जो पिछले वर्षों के दौरान राजनयिकों के निष्कासन के चलते बाधित रहा है।
रूसी विदेश मंत्रालय ने वार्ता को महत्वपूर्ण करार देते हुए एक बयान में कहा कि ‘‘पारस्परिक आधार पर रूस और अमेरिका के राजनयिक मिशन की गतिविधियों का निर्बाध वित्तपोषण सुनिश्चित करने और राजनयिकों के आधिकारिक कर्तव्य निर्वहन के लिए उपयुक्त परिस्थितियां बनाने के वास्ते संयुक्त कदम उठाने पर सहमति हुई।’’
मंत्रालय ने कहा कि रूस ने अमेरिका को ‘‘प्रत्यक्ष हवाई यातायात बहाल करने की संभावना पर विचार करने’’ का भी प्रस्ताव दिया।
इस मुद्दे पर कोई विवरण या संभावित समयसीमा नहीं बताई गई तथा इस मुद्दे पर वाशिंगटन की ओर से भी तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई।
यूक्रेन पर हमले के चलते मॉस्को पर लगाए गए प्रतिबंधों के तहत अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों ने रूस के साथ हवाई संपर्क काट दिया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर और दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सऊदी अरब में हुई बातचीत के बाद इस्तांबुल में वार्ता हुई।
संघीय सुरक्षा सेवा की बृहस्पतिवार को हुई बैठक के दौरान पुतिन ने ट्रंप प्रशासन की ‘‘व्यावहारिकता और उनके यथार्थवादी दृष्टिकोण’’ की सराहना की।
पुतिन ने कहा, ‘‘नए अमेरिकी प्रशासन के साथ हुए पहले संपर्क से कुछ आशाएं बढ़ी हैं। संबंधों को बहाल करने और वैश्विक व्यवस्था में मौजूद रणनीतिक समस्याओं को धीरे-धीरे हल करने के उद्देश्य से काम करने के लिए पारस्परिक तत्परता है।’’
अंकारा में स्थित अमेरिकी दूतावास के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि इस्तांबुल वार्ता में संबंधित राजनयिक मिशनों के संचालन को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘अमेरिका ने बैंकिंग व अनुबंधित सेवाओं तक पहुंच और मॉस्को स्थित अमेरिकी दूतावास में कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता के बारे में बात की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय मिशन संचालन को स्थिर बनाने के लिए ठोस प्रारंभिक कदमों पर विचार-विमर्श किया।’’
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)