विदेश की खबरें | रूस ने यूक्रेन पर कई मिसाइल और ड्रोन से हमले किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. अधिकारियों के मुताबिक, बीती रात देशभर (यूक्रेन) में रूस और यूक्रेन की ओर से की गई गोलाबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, बीती रात देशभर (यूक्रेन) में रूस और यूक्रेन की ओर से की गई गोलाबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने 70 ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिसके तहत कैस्पियन सागर के ऊपर विमान से क्रूज मिसाइलें दागना और ईरान निर्मित ‘शाहिद136/131’ ड्रोन से आक्रमण किये गए।
यूक्रेन के खमेलनीत्स्की क्षेत्र में सैन्य प्रशासन के उप प्रमुख सेरही त्यूरिन ने कहा कि स्तरोकोस्तिआनतिनीव इलाके में तीन मिसाइलें गिरी, जिससे कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और एक गोदाम में आग लग गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि जापोरिज्जिया क्षेत्र में विमान इंजन विनिर्माता मोटर सिच के केंद्रों पर भी हमला किया गया।
यूक्रेन के एक ड्रोन ने शुक्रवार देर रात क्रीमिया के पास काला सागर में रूस के एक टैंकर पर हमला किया था, जिसके बाद रूस ने यूक्रेन पर गोलाबारी की। यूक्रेन ने शुक्रवार को रूस के एक प्रमुख बंदरगाह पर ड्रोन से हमला किया था।
रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखरोवा ने केर्च जलडमरूमध्य पर असैन्य पोत पर यूक्रेन के आक्रमण को ‘आतंकवादी हमला” करार दिया और इसकी निंदा की।
जखरोवा ने संदेश भेजने वाली ऐप ‘टेलीग्राम’ पर पोस्ट किया, “ऐसे बर्बर कदमों का कोई औचित्य नहीं हो सकता। इनका जवाब दिया जाएगा और उनके षड्यंत्रकारियों और अपराधियों को दंडित किया जाएगा।”
यूक्रेन के एक सुरक्षा सेवा के अधिकारी ने अमेरिकी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटिड प्रेस’ से पुष्टि की कि यूक्रेन के ड्रोन ने रूस के टैंकर पर हमला किया था।
रूस की संघीय समुद्री और नदी परिवहन एजेंसी ने ‘टेलीग्राम’ पर कहा कि टैंकर पर चालक दल के 11 सदस्य सवार थे और ड्रोन हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।
खारकीव क्षेत्र में सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनिहुबोव ने कहा कि शनिवार रात में रूस के हवाई हमलों में मारे गए छह लोगों में से दो खारकीव के थे। उन्होंने बताया कि चार लोग घायल भी हुए हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि कुपयान जिले में पांच अगस्त की देर रात एक बम रक्ताधान केंद्र पर आ कर गिरा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, “ जीवन को अहमियत देने वाले हर शख्स के लिए आतंकवाद को शिकस्त देना सम्मान की बात है।”
पूर्वी यूक्रेन में अग्रिम मोर्चों पर भारी गोलाबारी जारी है। कीव अपने जवाबी हमलों को जारी रखे हुए है।
वहीं, एक अधिकारी ने बताया कि खारकीव क्षेत्र के पोदोली गांव में रूस की गोलाबारी की वजह से 58 साल की एक महिला की मौत हो गई जबकि 66 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दूसरी ओर रूस के कब्जे वाले दोनेत्सक में यूक्रेन की गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गई। मॉस्को द्वारा नियुक्त मेयर एलेक्सी कुलेमज़िन ने रविवार को बताया कि महिला की उम्र 80 साल से ज्यादा थी।
वहीं, रूस की राजधानी के हवाई क्षेत्र में रविवार सुबह एक ड्रोन को मार गिराने के बाद मॉस्को के दक्षिण पश्चिम में स्थित वनुकोवो हवाई अड्डे पर कुछ वक्त के लिए उड़ानों का परिचालन रोक दिया गया।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को के उपनगर पोदोलस्क क्षेत्र में हवाई रक्षा प्रणाली ने ड्रोन को मार गिराया। मंत्रालय ने कहा कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 06, 2023 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

