देश की खबरें | हाथी के हमले में ग्रामीण महिला की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथी के हमले में ग्रामीण महिला की मौत हो गई है।
जशपुर, 30 मार्च छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथी के हमले में ग्रामीण महिला की मौत हो गई है।
जशपुर जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के बादलखोल अभयारण्य के जातरा टोंगरी गांव के करीब सोमवार को हाथी के हमले में इतवारी यादव (55) की मृत्यु हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि कलिया गांव निवासी इतवारी महुआ फल एकत्र करने जंगल गई थी। जब वह देर तक नहीं लौटी तब उसके परिजनों ने उसकी खोज शुरू की। बाद में परिजनों को जातरा टोंगरी गांव के जंगल में इतवारी के शव होने की जानकारी मिली। इतवारी को हाथी ने कुचलकर मार डाला था।
उन्होंने बताया कि वन विभाग को घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए दल को रवाना किया गया तथा शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इतवारी के परिजनों को तत्काल सहायता के लिए 25 हजार रुपए की राशि दी गई है। औपचारिकता पूर्ण होने के बाद 5.75 लाख रुपए प्रदान किया जाएगा।
जशपुर जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान हाथियों के हमले में 15 लोगों की मौत हुई है।
छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र के सरगुजा, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, सूरजपुर, बलराम और कोरिया जिले में हाथी और मानव के मध्य द्वंद की खबरें मिलती रही है। क्षेत्र में हाथियों के हमले में कई लोगों की जान गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 30, 2021 03:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

