जरुरी जानकारी | रुपया 19 पैसे की बढ़त के साथ 87 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी, अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे मजबूत होकर 87.00 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, पांच मार्च स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी, अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे मजबूत होकर 87.00 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शुल्क वृद्धि के कदम ने वैश्विक बाजारों में एक श्रृंखलाबद्ध प्रतिक्रिया शुरू कर दी है, जिससे डॉलर में गिरावट आ रही है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह 87.18 पर खुला और फिर डॉलर के मुकाबले 86.93 के दिन के उच्चतम स्तर और 87.20 के निचले स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले 87.00 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 19 पैसे की बढ़त है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.79 प्रतिशत घटकर 104.91 पर कारोबार कर रहा था।
वायदा कारोबार में वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.75 प्रतिशत घटकर 70.51 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। घरेलू बाजारों में किसी भी तरह की लंबे पुनरुद्धार से भी रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’
उन्होंने कहा कि हालांकि, एफआईआई की निकासी से तेज बढ़त पर लगाम लग सकती है। व्यापार शुल्क मुद्दे पर अनिश्चितता से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है।
चौधरी ने कहा, ‘‘व्यापारी अमेरिका से आईएसएम सेवा पीएमआई और एडीपी गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 86.75 रुपये से 87.20 रुपये के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।’’
घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 740.30 अंक बढ़कर 73,730.23 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 254.65 अंक बढ़कर 22,337.30 अंक पर बंद हुआ।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 3,405.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अन्य देशों द्वारा लगाए गए उच्च शुल्कों की आलोचना करते हुए उन्हें ‘बहुत अनुचित’ करार दिया और अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क लगाने वाले देशों पर दो अप्रैल से जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की।
ट्रंप ने मंगलवार को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ये टिप्पणियां कीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2025 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

