जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे की तेजी के साथ 74.24 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 18 नवंबर विदेशी बाजारों में डॉलर के कमजोर होने तथा कच्चे तेल की कीमतों में कुछ गिरावट आने से विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपये को कुछ समर्थन मिला और यह चार पैसे की तेजी के साथ 74.24 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली के कारण रुपये की तेजी पर कुछ अंकुश लग गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 74.10 के स्तर पर मजबूत रुख के साथ खुला और कारोबार के दौरान यह 74.01 के दिन के उच्चतम स्तर से लेकर 74.26 रुपये के निचले स्तर तक आया। अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे की तेजी के साथ 74.24 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये का पिछला बंद भाव 74.28 रुपये प्रति डॉलर था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के अंत में 372.32 अंक की हानि के साथ 59,636.01 अंक पर बंद हुआ।

छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत घटकर 95.75 हो गया।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 0.24 प्रतिशत घटकर 80.09 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)