जरुरी जानकारी | रुपया छह पैसे मजबूत होकर 83.04 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिका मुद्रा के मुकाबले रुपया छह पैसे की मजबूती के साथ 83.04 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख से रुपये में तेजी आई।
मुंबई, 31 जनवरी अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को अमेरिका मुद्रा के मुकाबले रुपया छह पैसे की मजबूती के साथ 83.04 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख से रुपये में तेजी आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि एक फरवरी को पेश होने वाले अंतरिम बजट से पहले बाजार में सतर्कता रही। इसके अलावा विदेशी बाजारों में मजबूत अमेरिकी मुद्रा ने भी रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.11 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह बेहद सीमित दायरे में रहते हुए 83.01 के उच्चस्तर और 83.12 प्रति डॉलर के निचले स्तर को छूने के बाद 83.04 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इस तरह रुपये में पिछले बंद भाव के मुकाबले छह पैसे की तेजी दर्ज की गई। रुपया मंगलवार को 83.10 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘सकारात्मक घरेलू बाजारों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश बढ़ने की उम्मीदों से भारतीय रुपये में बुधवार को तेजी आई। उम्मीद है कि मजबूत डॉलर के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक पूर्वाग्रह के साथ कारोबार करेगा।’’
चौधरी ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय कीमतों का असर घरेलू मुद्रा पर भी पड़ सकता है। हालांकि घरेलू बाजारों में उछाल और ताजा विदेशी निवेश की उम्मीद से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है।
इस बीच, छह मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी डॉलर की मजबूती आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 103.49 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.02 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 612.21 अंक की तेजी के साथ 71,752.11 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 1,660.72 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 31, 2024 08:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

