जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.51 प्रति डॉलर पर खिसका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख को कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने बेअसर कर दिया।
मुंबई, 10 मई अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख को कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने बेअसर कर दिया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की भारी पूंजी निकासी के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा पर असर पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.48 प्रति डॉलर पर खुला। दिन के कारोबार में यह 83.46 के ऊपरी और 83.51 के निचले स्तर को छूने के बाद 83.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इस तरह पिछले बंद भाव के मुकाबले रुपये में तीन पैसे प्रति डॉलर की गिरावट रही। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.48 के भाव पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि भारतीय रुपया स्थिर रुख पर कारोबार कर रहा है। सकारात्मक घरेलू बाजार और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने रुपये को सहारा दिया लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार पूंजी निकासी ने इसकी बढ़त को रोक दिया।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 105.23 हो गया।
चौधरी ने कहा, ‘‘रुपया थोड़े नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के बीच फेडरल रिजर्व की आक्रामक नीति और सुरक्षित निवेश की मांग के बीच अमेरिकी डॉलर में फिर से उछाल आ सकता है।’’
उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव और वैश्विक कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भी रुपये पर दबाव डाल सकती हैं। हालांकि, वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की प्रवृत्ति में वृद्धि से रुपये को निचले स्तरों पर समर्थन मिल सकता है।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.62 प्रतिशत बढ़कर 84.40 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 260.30 अंक की बढ़त के साथ 72,664.47 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 2,117.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2024 08:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

