जरुरी जानकारी | अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया पांच पैसे बढ़कर 84.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 84.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, छह दिसंबर रुपया शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 84.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को मुद्रास्फीति के जोखिमों का हवाला देते हुए अपनी नीतिगत दर रेपो को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित बनाये रखा, लेकिन नकद आरक्षित अनुपात में कटौती की।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में समग्र गिरावट ने रुपये का समर्थन किया। हालांकि, कमजोर घरेलू बाजार ने तेज बढ़त को रोक दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा में, डॉलर के मुकाबले रुपया 84.66 पर खुला। कारोबार के दौरान 84.53 के उच्चतम स्तर और 84.70 के निचले स्तर को छूआ। कारोबार के अंत में रुपया पांच पैसे की तेजी दर्शाता 84.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार पैसे की बढ़त के साथ 84.71 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। इसका कारण रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि को अपने पिछले अनुमान 7.2 प्रतिशत से घटाकर 6.6 प्रतिशत कर दिया है।’’
रिजर्व बैंक ने मार्च 2025 को समाप्त होने वाले वित्तवर्ष के लिए अपने आर्थिक वृद्धि के अनुमान को घटाकर 6.6 प्रतिशत कर दिया। पहले इसके 7.2 प्रतिशत रहने की संभावना जतायी गयी थी।
चौधरी ने कहा कि डॉलर की मांग भी रुपये पर दबाव बनाए रख सकती है।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दे सकते हैं।
चौधरी ने कहा, ‘‘रिजर्व बैंक द्वारा किसी तरह का हस्तक्षेप भी रुपये को सहारा दे सकता है। कारोबार अमेरिका से गैर-कृषि क्षेत्र में रोजगार के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 84.45 से 84.95 के बीच रहने की संभावना है।’’
इस बीच, विश्व की छह अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत बढ़कर 105.85 पर रहा।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.33 प्रतिशत घटकर 71.85 डॉलर प्रति बैरल रहा।
घरेलू इक्विटी बाजार के मोर्चे पर, 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 56.74 अंक गिरकर 81,709.12 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 30.60 अंक घटकर 24,677.80 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजारों में शुद्ध बिकवाल रहे, उन्होंने शुक्रवार को 1,830.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 06, 2024 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

