एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे बढ़कर 75.07 पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. आगामी सार्वजनिक निर्गमों के लिए डॉलर की आवक बढ़ने की उम्मीद के बीच रुपये ने पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त दर्ज की और 75.07 पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे बढ़कर 75.07 पर बंद

मुंबई, 28 जनवरी आगामी सार्वजनिक निर्गमों के लिए डॉलर की आवक बढ़ने की उम्मीद के बीच रुपये ने पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ते हुए शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त दर्ज की और 75.07 पर बंद हुआ।

हालांकि, विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख से भी स्थानीय मुद्रा प्रभावित हुई।

अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 75.12 के स्तर पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान इसने 74.88 के ऊपरी स्तर और 75.13 के निचले स्तर को देखा।

कारोबार के अंत में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 75.07 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव 75.09 के मुकाबले दो पैसे की बढ़त दर्शाता है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.11 प्रतिशत बढ़कर 97.35 पर आ गया।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि पिछले तीन दिनों से जारी तेज बिकवाली के बाद भारतीय रुपया स्थिर होने में कामयाब रहा।

उन्होंने कहा कि डॉलर की मजबूती, कच्चे तेल में तेजी और उच्च बॉन्ड प्रतिफल के चलते आने वाले दिनों में स्थानीय मुद्रा कमजोर हो सकती है।

इस सप्ताह के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले स्थानीय मुद्रा में 61 पैसे की गिरावट हुई।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.49 प्रतिशत बढ़कर 89.78 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को सकल आधार पर 6,266.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

रेलिगेयर ब्रोकिंग की उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) सुगंधा सचदेवा ने कहा कि बाजार का अनुमान है कि मार्च में अमेरिका में ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि 2022 में दरों को पांच बार बढ़ाया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2022 07:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).