जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे की बढ़त के साथ 83.97 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को सीमित दायरे में कारोबार के बीच चार पैसे की बढ़त के साथ 83.97 पर बंद हुआ। विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये की धारणा मजबूत हुई।
मुंबई, पांच सितंबर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को सीमित दायरे में कारोबार के बीच चार पैसे की बढ़त के साथ 83.97 पर बंद हुआ। विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये की धारणा मजबूत हुई।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि कमजोर वैश्विक बाजारों और वैश्विक आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताओं के कारण घरेलू मुद्रा में थोड़ा नकारात्मक रुझान देखा गया। इसके अलावा, आयातकों की ओर से डॉलर की मांग ने भी निवेशकों की भावनाओं को प्रभावित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.98 प्रति डॉलर पर खुला और दिन में कारोबार के दौरान 83.97 प्रति डॉलर के उच्चस्तर तक गया। अंत में रुपया 83.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले बंद स्तर से चार पैसे की बढ़त है।
बुधवार को रुपया एक महीने के भीतर दूसरी बार 84 के स्तर को पार कर गया और अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट के साथ 84.01 पर बंद हुआ।
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के एवीपी (जिंस एवं मुद्रा) मनीष शर्मा ने कहा, ‘‘लगातार रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिर रहा रुपये ने एक सीमित दायरे में कारोबार किया, क्योंकि यह नकारात्मक वैश्विक संकेतों और केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप के बीच फंसा हुआ था।’
शर्मा ने कहा कि आयातकों की ओर से तत्काल और वायदा भुगतान के लिए डॉलर की मांग के कारण रुपये पर दबाव पड़ा। पिछले महीने से अबतक कई ऐसे मौके आए हैं जब रिजर्व बैंक ने 84 के स्तर के करीब रुपये का बचाव किया है।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी के अनुसार, ‘‘कमजोर वैश्विक बाजार और वैश्विक आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताओं के कारण रुपये में मामूली नकारात्मक रुझान के साथ कारोबार होने की उम्मीद है। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में कुल मिलाकर कमजोरी और कच्चे तेल की कमजोर कीमतों से रुपये को समर्थन मिल सकता है।’
इस बीच, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 151.48 अंक गिरकर 82,201.16 अंक पर और निफ्टी 53.60 अंक गिरकर 25,145.10 अंक पर बंद हुआ।
छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत घटकर 101.20 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.74 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.24 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 688.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 05, 2024 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

