एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया आठ पैसे की बढ़त के साथ 83.87 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. डॉलर में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच सोमवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले आठ पैसे मजबूत होकर 83.87 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया आठ पैसे की बढ़त के साथ 83.87 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 19 अगस्त डॉलर में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच सोमवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले आठ पैसे मजबूत होकर 83.87 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों के ताजा निवेश प्रवाह ने निवेशकों की धारणा को मजबूती देने का काम किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.88 पर खुलने के बाद मजबूती हासिल की। कारोबार के दौरान रुपये ने 83.84 के दिन के कारोबार के ऊपरी स्तर और 83.93 के निचले स्तर को छुआ।

कारोबार के अंत में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.87 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले कारोबारी सत्र के बंद भाव के मुकाबले आठ पैसे की मजबूती दर्शाता है।

शुक्रवार को रुपया एक पैसे की मामूली गिरावट के साथ 83.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

पिछले सप्ताह में रुपये में अधिक उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया और यह 84 प्रति डॉलर के महत्वपूर्ण स्तर के नीचे ही बना रहा।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की क्षमता में वृद्धि और कमजोर अमेरिकी डॉलर के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’

मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव स्थानीय मुद्रा के लिए तेज उछाल को सीमित कर सकता है। निवेशक अमेरिका से पीएमआई आंकड़े और जैक्सन होल संगोष्ठी में फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के भाषण से पहले ब्याज दरों में कटौती के किसी भी संकेत के लिए सतर्क रह सकते हैं।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.17 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 78.99 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 12.16 अंक गिरकर 80,424.68 अंक पर आ गया जबकि निफ्टी 31.50 अंक बढ़कर 24,572.65 अंक पर पहुंच गया।

विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने सोमवार को 2,667.45 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 19, 2024 09:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).