जरुरी जानकारी | रुपया 12 पैसे की तेजी के साथ 83.19 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विश्व की प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने तथा स्थानीय शेयर बाजार के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बीच निवेशकों की कारोबारी धारणा में सुधार के चलते अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे की तेजी के साथ 83.19 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

मुंबई, 10 अप्रैल विश्व की प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने तथा स्थानीय शेयर बाजार के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बीच निवेशकों की कारोबारी धारणा में सुधार के चलते अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे की तेजी के साथ 83.19 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि जोखिम वाली परिसंपत्तियों की ओर रुझान बढ़ने के कारण भी रुपये को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.23 प्रति डॉलर पर खुला। दिन के कारोबार में यह 83.15 के उच्चस्तर को छूने के बाद अंत में 12 पैसे की तेजी के साथ 83.19 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

सोमवार को रुपया 83.31 प्रति डॉलर पर अपरिवर्तित रहा था। ‘गुड़ी पर्वा’ त्योहार के मौके पर मंगलवार को विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार बंद था।

बीएनपी पारिबा द्वारा शेयरखान के अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख और अमेरिकी डॉलर में कुछ नरमी के कारण रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। उच्चस्तर से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी घरेलू मुद्रा को समर्थन मिल सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, पश्चिम एशिया में किसी भी तरह का तनाव फिर से बढ़ने से रुपये की तेजी पर रोक लग सकती है। व्यापारी अमेरिका से मुद्रास्फीति के आंकड़ों और एफओएमसी की बैठक का ब्योरे सामने आने से पहले सतर्क रह सकते हैं।’’

इस बीच, विश्व की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.05 रह गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 89.70 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 354.45 अंक की बढ़त के साथ पहली बार 75,000 अंक के पार बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 593.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\