जरुरी जानकारी | अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे बढ़कर 83.27 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे बढ़कर 83.27 के स्तर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच रुपये ने सीमित दायरे में कारोबार किया।
मुंबई, 16 अक्टूबर रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे बढ़कर 83.27 के स्तर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच रुपये ने सीमित दायरे में कारोबार किया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि थोक मुद्रास्फीति के आंकड़े से रुपये को समर्थन मिला। दूसरी ओर इजरायल-हमास के बीच भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की कारोबारी धारणा को प्रभावित किया जिससे रुपये की बढ़त सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.25 पर खुला और दिन के कारोबार में यह 83.24 के ऊपरी और 83.28 के निचले स्तर के दायरे में रहा।
कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे बढ़कर 83.27 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे गिरकर 83.30 पर बंद हुआ था।
वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से रुपये पर दबाव बना। वहीं अनुमान से कम थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़े से स्थानीय मुद्रा को मजबूती मिली। शुक्रवार को कुछ विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की खरीद ने भी रुपये को समर्थन दिया।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के हमास-इजराइल संघर्ष को रोकने के लिए कदम उठाने के बाद अमेरिकी डॉलर में थोड़ी नरमी आई।
चौधरी ने कहा कि आने वाले दिनों में वैश्विक बाजारों में जोखिम की आशंका और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपया दबाव में रह सकता है। दूसरी ओर पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से रुपये को समर्थन मिल सकता है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार थोक मुद्रास्फीति में सितंबर में लगातार छठे महीने गिरावट आई और यह शून्य से नीचे 0.26 प्रतिशत रही।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत गिरकर 106.51 पर आ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.08 प्रतिशत गिरकर 90.82 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
घरेलू शेयर बाजारों में बीएसई सेंसेक्स 115.81 अंक गिरकर 66,166.93 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को 593.66 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2023 09:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

