जरुरी जानकारी | रुपया 11 पैसे चढ़कर 83.46 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 11 पैसे की तेजी के साथ 83.46 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख तथा वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता के कारण रुपये को समर्थन मिला।

मुंबई, 24 जून रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 11 पैसे की तेजी के साथ 83.46 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख तथा वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता के कारण रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि दुनिया की प्रमुख प्रतिद्वन्द्वी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने से भी रुपये को मदद मिली। हालांकि, कमजोर एशियाई बाजार और पश्चिम एशिया में ताजा भू-राजनीतिक तनाव ने तेज बढ़त पर रोक लगा दी।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में स्थानीय रुपया 83.52 पर खुला और कारोबार के दौरान 83.44 के दिन के उच्चतम स्तर को छू गया। कारोबार के अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 11 पैसे की तेजी के साथ 83.46 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

शुक्रवार को रुपया 83.63 प्रति डॉलर के निम्नतम स्तर को छूने के बाद अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.57 पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रुपया थोड़ा सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि घरेलू बाजारों में मजबूती और ताजा विदेशी निवेश की उम्मीदों से रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, ब्याज दरों में कटौती में और देरी की बढ़ती उम्मीदों और लाल सागर क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव के बीच सुरक्षित निवेश की मांग के कारण अमेरिकी डॉलर में मजबूती आने से तेज उछाल पर रोक लग सकती है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत घटकर 105.57 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.36 प्रतिशत बढ़कर 85.55 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 131.18 अंक बढ़कर 77,341.08 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 1,790.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\