जरुरी जानकारी | रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा, 18 पैसे की बढ़त के साथ 82.82 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को अपने ऐतिहासिक निचले स्तर से उबरता हुआ अंत में 18 पैसे की मजबूती के साथ 82.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इस तेजी का कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आना है।
मुंबई, चार जनवरी अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को अपने ऐतिहासिक निचले स्तर से उबरता हुआ अंत में 18 पैसे की मजबूती के साथ 82.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इस तेजी का कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आना है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशी बाजारों में डॉलर के कमजोर होने और एशियाई मुद्राओं के मजबूत होने तथा भारतीय रिजर्व बैंक के बाजार में संदिग्ध हस्तक्षेप से रुपये में मजबूती को समर्थन मिला।
हालांकि, विदेशी पूंजी की बाजार से निकासी तथा घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के कारण रुपये की तेजी पर कुछ अंकुश लग गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.87 के स्तर पर खुला और कारोबार के अंत में 18 पैसे की तेजी के साथ 82.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 82.74 प्रति डॉलर के उच्चस्तर और 82.91 के निम्नतम स्तर को छुआ।
मंगलवार को रुपया 22 पैसे की गिरावट के साथ अपने सर्वकालिक निचले स्तर 83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.52 प्रतिशत घटकर 103.97 रह गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.13 प्रतिशत घटकर 80.35 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 628.07 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 04, 2023 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

