जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया 26 पैसे टूटकर 85.45 पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और आयातकों की डॉलर मांग के कारण अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 26 पैसे टूटकर 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 23 अप्रैल कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और आयातकों की डॉलर मांग के कारण अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 26 पैसे टूटकर 85.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी मुद्रा में सुधार हुआ। इसका कारण डोनाल्ड ट्रंप का विशेष रूप से फेडरल रिजर्व और चीन के प्रति रुख का नरम होना है।
हालांकि, सकारात्मक घरेलू बाजारों और कमजोर अमेरिकी डॉलर सूचकांक तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह ने रुपये को निचले स्तरों पर समर्थन दिया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के मंगलवार को फेडरल रिजर्व के चेयरमैन, जेरोम पॉवेल के खिलाफ रुख में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। साथ ही ट्रंप ने चीन के विरुद्ध शुल्क कम करने की संभावना का भी संकेत दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय पर, रुपया 85.24 पर खुला, और डॉलर के मुकाबले 85.52 के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के अंत में रुपया 85.45 पर बंद हुआ, जो इसके पिछले बंद स्तर से 26 पैसे की गिरावट है।
मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार पैसे की गिरावट के साथ 85.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में सुधार होने से भारतीय रुपये में गिरावट आई है। इसका कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान है कि उनका फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल को हटाने का कोई इरादा नहीं है...।’’
इस बीच, विश्व की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती मापने वाला, डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत मजबूत होकर 98.93 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.32 प्रतिशत बढ़कर 68.33 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों पर आधारित बंबई शेयर सूचकांक 520.90 अंक बढ़कर 80,116.49 और निफ्टी 161.70 अंक बढ़कर 24,328.95 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 3,332.93 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2025 09:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

