जरुरी जानकारी | अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे टूटकर 87.37 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे की गिरावट के साथ 87.37 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने से रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई।
मुंबई, 28 फरवरी अंतरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 19 पैसे की गिरावट के साथ 87.37 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख के कारण निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित होने से रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका द्वारा कई देशों पर शुल्क लगाए जाने से वित्तीय बाजारों में उथल-पुथल है। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर अनिश्चिततता होने से अमेरिकी डॉलर सूचकांक में भी अस्थिरता हो गई है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.32 पर खुला और कारोबार के दौरान 87.53 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक जाने के बाद कारोबार के अंत में 87.37 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 19 पैसे की गिरावट है।
बृहस्पतिवार को रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 87.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विश्व की प्रमुख मु्द्राओं के मुकाबले डॉलर में तेजी और एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशकों) की निरंतर पूंजी निकासी ने भी रुपये की गिरावट में योगदान दिया।
इसके अलावा, अमेरिकी व्यापार शुल्कों के बारे में अनिश्चितता के बीच आयातकों की माह के अंत में डॉलर मांग ने भी डॉलर को मजबूत किया।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 107.33 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.74 प्रतिशत गिरकर 73.49 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 1,414.33 अंकों की गिरावट के साथ 73,198.10 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 420.35 अंक गिरकर 22,124.70 अंक रह गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 11,639.02 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 28, 2025 08:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

