एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 25 पैसे उछलकर 85.49 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को 25 पैसे उछलकर 85.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह बढ़ने से रुपये में मासिक वृद्धि पिछले छह वर्षो में सबसे बेहतर है।

जरुरी जानकारी | रुपया 25 पैसे उछलकर 85.49 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 28 मार्च अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को 25 पैसे उछलकर 85.49 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह बढ़ने से रुपये में मासिक वृद्धि पिछले छह वर्षो में सबसे बेहतर है।

इस साल मार्च में रुपये में 2.17 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो नवंबर 2018 के बाद से सबसे ज्यादा ह। उस समय रुपये में 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गयी थी।

चालू वित्त वर्ष में रुपया दो प्रतिशत से अधिक कमजोर हुआ है। दो अप्रैल, 2024 को यह डॉलर के मुकाबले 83.42 पर था।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पूंजी बाजार में एफआईआई के मजबूत पूंजी प्रवाह से रुपये को समर्थन मिला।

विदेशी निवेशकों ने पिछले छह कारोबारी सत्रों में 32,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।

हालांकि, कमजोर घरेलू बाजार और डॉलर की मजबूती ने रुपये के तेज उछाल पर रोक लगा दिया। इसके अलावा, निवेशक बढ़ती वैश्विक व्यापार चिंताओं के संभावित आर्थिक प्रभाव से भी जूझ रहे हैं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 85.64 पर खुला। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 85.40 प्रति डॉलर तथा नीचे में 85.70 प्रति डॉलर तक आया।

अंत में यह डॉलर के मुकाबले 85.49 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद से 25 पैसे की तेजी है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे कमजोर होकर 85.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि विदेशी निवेशकों के निवेश के कारण रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, आयातकों और तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) की मासांत डॉलर मांग और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण इसमें जोरदार तेजी की उम्मीद नहीं है।’’

चौधरी ने कहा कि डॉलर-रुपया हाजिर मूल्य 85.15 से 86.70 के बीच रहने की संभावना है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 104.43 हो गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 74.15 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 191.51 अंक की गिरावट के साथ 77,414.92 अंक, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 72.60 अंक घटकर 23,519.25 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 11,111.25 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2025 06:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).